महिलाएं समाज एवं देश के उत्थान में लहरा रहीं मातृशक्ति का परचम- बेबी रानी मौर्य

झांसी : आज मंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश शासन बेबी रानी मौर्य के मुख्य आतिथ्य में "महिला उद्यमी सम्मान समारोह-2025 (हुनर, हौसला और सफलता का उत्सव)" कार्यक्रम का आयोजन पंडित दीनदयाल सभागार, झांसी में किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष, वामाशाह सारथी समिति, श्रीमती प्राची चौधरी एवं शिक्षाविद, आकांक्षा बाजपेई विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भगवान गणेश जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया, इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा 101 महिला उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, इसके साथ ही "बलिनी दुग्ध उत्पादन" में सहयोग प्रदान करने वाली महिलाओं द्वारा अपने विकासकारी अनुभवों को साझा किया गया।
महिला उद्यमी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री महिला कल्याण विभाग श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए आयोजित कार्यक्रम पर अमर उजाला परिवार का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि महिला सशक्तिकरण को प्रकाशमान करने में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष योगदान है। उन्होंने उपस्थित मात्रशक्ति को हरियाली तीज की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला वीरांगना की भांति अपने जीवन में आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना करते हुए समाज एवं देश में विशेष ख्याति प्राप्त करे। आज के समय में महिलाएं समाज एवं देश के उत्थान में मातृशक्ति का परचम लहरा रही हैं, यह हमारे लिए अत्यधिक गर्व की बात है। महिला उद्यमी औद्योगिक क्षेत्र में उन्नति करने के लिए अपने सपनों को साकार करने हेतु दृढ़तापूर्वक प्रयासरत रहें, जिससे आपके सपने पूर्ण हो सकें। महिलाओं की उन्नति में उनके परिवार का सहयोग अतिआवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं अपने परिवार के मार्गदर्शन का अनुसरण करती हैं, वह निश्चित रूप से अपने सपनों को सरकार बनाने में सफल होती हैं। महिलाएं अपने सपनों को पूरा करने के लिए अपने आचरण में ईमानदारी एवं समय प्रबंधन जैसे गुणात्मक विचारों को अपनाएं। महिलाएं जिस क्षेत्र में भी कार्य करें, उसमें अपनी विशेष पहचान बनाते हुए मातृशक्ति के लिए प्रेरणादाई स्रोत बने।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अध्यक्ष, वामा सारथी समिति, श्रीमती प्राची चौधरी ने अपने संबोधन में बताया कि वामा सारथी एक महिला कल्याण संगठन है, जिसके द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए कार्य किया जाता है, जिससे उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा सके, इसके अतिरिक्त हमारी संस्था के नेतृत्व में पुलिस लाइन में "परिवार परामर्श केंद्र" का भी संचालन किया जाता है। उन्होंने बताया कि अमर उजाला की सारी टीम आज के इस कार्यक्रम के लिए अभिनंदन की पात्र है। महिलाओं का परिवार की उन्नति में विशेष योगदान रहता है। प्रकृति ने प्रत्येक व्यक्ति को एक विशेष पहचान और गुण प्रदान किया है, हमें उस गुण पर अपना ध्यान आकर्षित हुए उसे तराशने की आवश्यकता होती है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को जागरूकता प्रदान करने के लिए बांसुरी का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि हमारे प्रयासों में श्रद्धा, भक्ति, धैर्य एवं लगन का समावेश है तो हम अपने जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर आकांक्षा वाजपेई, शिक्षाविद/धर्मपत्नी कर्नल शशांक लवानिया ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक परिवार में पति की उन्नति में पत्नी का विशेष योगदान होता है। सीमा पर आर्मी के जवानों की तैनाती के दौरान उनके परिवार को संभालने का कार्य उनकी धर्मपत्नियों द्वारा ही किया जाता है। किसी भी राष्ट्र की उन्नति में महिलाओं का सशक्तिकरण उस राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। महिलाएं अपने जीवन में आने वाली चुनौतियों को अपने ऊपर कभी भी हावी न होने दें।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला झांसी के संपादक अमरनाथ प्रसाद ने बताया कि जनपद झांसी में अपने उद्यम लगाकर कामयाबी की डगर पर आगे बढ़ाने वाली "महिलाओं को सम्मानित करने के लिए आज का यह महिला उद्यमी सम्मान समारोह" आयोजित किया गया है। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं महिलाओं को महिला उद्यमी सम्मान समारोह कार्यक्रम की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि 77 वर्ष पूर्व अमर उजाला का शुभारंभ आगरा जिले से हुआ था और झांसी में आज ही के दिन 27 साल पूर्व अमर उजाला समाचार पत्र की शुरुआत हुई थी। उन्होंने बताया कि महिलाओं की उन्नति से महिला शक्ति को जागरूक करने हेतु अमर उजाला समाचार पत्र द्वारा आगामी समय में 101 महिलाओं की संघर्ष एवं सफलता की गाथा को आकार प्रदान करने का कार्य किया जाएगा।
महिला उद्यमी सम्मान समारोह के अवसर पर अध्यक्ष गौ सेवा आयोग समिति उत्तर प्रदेश श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा महानगर हेमंत परिहार, जिला महामंत्री भाजपा अमित साहू, निदेशक चंद्रशेखर आजाद विज्ञान एवं तकनीकी संस्थान मनीष तिवारी, अध्यक्ष बसेरा ग्रुप वीरेंद्र राय, बलिनी दुग्ध उत्पादन से डॉ0 ओ0पी0 सिंह सहित अन्य महानुभाव एवं महिला उद्यमी उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.