हसारी फोरलेन रेल उपरिगामी सेतु निर्माण के लिए झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा के निरंतर प्रयास ला रहे रंग

झाँसी-ललितपुर मार्ग पर हसारी रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले जाम, ट्रैफिक की बढ़ती समस्या और आमजन की असुविधा को दृष्टिगत रखते हुए, झाँसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा लगातार प्रयासरत हैं। क्षेत्रीय विकास और सुगम यातायात को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए उन्होंने इस महत्वपूर्ण समस्या के समाधान हेतु कई प्रभावी कदम उठाए हैं।
हसारी रेलवे फाटक, जो कि झाँसी-ललितपुर फोरलेन मार्ग पर स्थित है, यहाँ प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। लेकिन रेलवे क्रॉसिंग होने के कारण घंटों तक लगने वाले जाम से यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
संसद से लेकर मंत्रालय तक आवाज उठाई :-
सांसद अनुराग शर्मा ने इस समस्या को कई बार संसद में जोरदार तरीके से उठाया और इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता दिलाई। उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर इस विषय पर चर्चा की और झाँसी-हंसारी रेलवे क्रॉसिंग पर चार लेन वाले रेलवे ओवरब्रिज (फोरलेन आरओबी) के शीघ्र निर्माण हेतु विशेष आग्रह किया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि इस परियोजना से आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा और झाँसी की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
सेना और प्रशासन के साथ समन्वय :-
इस ओवरब्रिज के निर्माण हेतु जो भूमि निर्धारित की गई है वह झाँसी कैंट क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जो भारतीय सेना के अधिकार क्षेत्र में है। इसे ध्यान में रखते हुए सांसद शर्मा ने कई बार सेना के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की और 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) प्राप्त करने की दिशा में प्रयास किए। उन्होंने सेना और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया कि सेतु निर्माण में कोई प्रशासनिक या कानूनी बाधा न आए।
दिशा समिति व सेतु निगम को दिए स्पष्ट निर्देश :-
सांसद शर्मा ने झाँसी में आयोजित दिशा समिति की बैठकों में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा और सेतु निगम के अधिकारियों को इस परियोजना का सर्वे शीघ्र करने के निर्देश दिए। उनके सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप सेतु निगम द्वारा स्थल निरीक्षण एवं सर्वे की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, राज्य सरकार से की विशेष अनुरोध :-
सांसद शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि जनपद झाँसी के झाँसी-मानिकपुर रेल सेक्शन के सम्पार संख्या 369 पर स्थित इस क्रॉसिंग पर चार लेन ओवरब्रिज का निर्माण जनहित में परम आवश्यक है। उन्होंने पत्र के माध्यम से यह भी अवगत कराया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में शामिल कर दिया गया है और जिलाधिकारी के माध्यम से पोर्टल पर प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राथमिकता पर प्रदान की जाए जिससे शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके।
विकास के प्रति प्रतिबद्धता :-
सांसद अनुराग शर्मा की यह पहल यह दर्शाती है कि वे केवल समस्याओं को उजागर करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके समाधान हेतु ठोस और प्रभावी प्रयास भी करते हैं। क्षेत्रीय यातायात को सुगम बनाना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विकास की गति को बढ़ाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।
जनता को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात :-
हसारी फोरलेन ओवरब्रिज के निर्माण से न केवल झाँसी-ललितपुर मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। इस सेतु के निर्माण से हजारों लोगों को रोजाना राहत मिलेगी और यह झाँसी के अधोसंरचना विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि होगी।
झाँसी-ललितपुर की जनता को विश्वास है कि सांसद अनुराग शर्मा के प्रयासों से यह परियोजना जल्द ही धरातल पर आएगी और झाँसी को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात की सौगात प्राप्त होगी।
No Previous Comments found.