“नारी शक्ति का गूंजा स्वर: बबीना थाने में मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ”

झाँसी (बबीना): झाँसी जनपद के थाना बबीना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं ने चित्रकला, निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। छात्राओं के उत्साह और प्रस्तुति ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस कार्यक्रम की सफलता में चारों विद्यालयों का विशेष योगदान रहा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अपने आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति के माध्यम से सभी का मन मोहा। इंडियन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण एवं वाद-विवाद पर अपने तर्क और प्रस्तुतियों से उत्कृष्टता दिखाई। सेंट जेवियार स्कूल की प्रतिभावान छात्राओं ने भाषण में अपनी निपुणता का परिचय दिया। वहीं जेविएम मॉडर्न स्कूल की छात्राओं ने निबंध और भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर कार्यक्रम को सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचाया। इन चारों विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी और बच्चों का उत्साह ही इस कार्यक्रम को यादगार बनाने का कारण बना। मिशन शक्ति: उद्देश्य और महत्व मिशन शक्ति अभियान, उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में मार्गदर्शन देना है। बबीना थाना परिसर में स्थापित यह केंद्र पीड़िताओं को त्वरित सहायता, परामर्श और न्याय का मार्ग उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही यह केंद्र महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा, शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगा। अतिथियों का उद्घाटन और उद्बोधन मुख्य अतिथि एसपी सिटी झाँसी प्रीती सिंह और विशिष्ट अतिथि सीओ सदर झाँसी आईपीएस अरीबा नोमान ने फीता काटकर मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पूरे जिले में अद्वितीय है और महिलाओं के लिए सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच बनेगा।
एसपी सिटी प्रीती सिंह ने अपने संबोधन में कहा— “मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं और छात्राओं के लिए आशा और विश्वास का प्रतीक है। यह केंद्र न केवल सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान की राह भी प्रशस्त करेगा।”
सीओ सदर आईपीएस अरीबा नोमान ने कहा “आज की बालिकाएँ ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य हैं। इन्हें सशक्त बनाने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है। छात्राओं का आत्मविश्वास और तर्कशक्ति देखकर यह विश्वास दृढ़ होता है कि नारी शक्ति समाज की दिशा बदलने में सक्षम है।”
थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पाण्डेय ने कहा “नारी शक्ति केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। मिशन शक्ति केंद्र का उद्देश्य है कि हमारी बेटियाँ निर्भीक होकर आगे बढ़ें, अपने अधिकारों के प्रति सजग हों और किसी भी अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़ी हों। यह केंद्र उनके लिए संरक्षक, मार्गदर्शक और साथी बनेगा।”
प्रतियोगिताओं में छात्राओं की चमक
चित्रकला प्रतियोगिता: प्रथम – इच्छा (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज), द्वितीय – हेमंती (इंडियन पब्लिक स्कूल), तृतीय – दीपाली (इंडियन पब्लिक स्कूल)। निबंध प्रतियोगिता: प्रथम – प्राची चौहान, द्वितीय – वंदना राजपूत, तृतीय – चाहत (सभी जेविएम मॉडर्न स्कूल से)।
भाषण प्रतियोगिता: प्रथम – सानिया, द्वितीय – निकिता अहिरवार (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज), तृतीय – अक्शा खान (जेविएम मॉडर्न स्कूल)।
वाद-विवाद प्रतियोगिता: इंडियन पब्लिक स्कूल की छात्राएँ मधु वंशकार, सुहाना यादव, तनु यादव और अनुराधा पाल ने नारी सशक्तिकरण पर पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक मनु चौधरी, महिला कांस्टेबल प्रियंका, अंजलि विश्वकर्मा, अमिता, साध्वी पाण्डेय, रीना, उपनिरीक्षक सुनील त्रिपाठी, गंभीर सिंह, अतुल पाण्डेय, पवन प्रजापति, नकुल सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रजेश सिंह, कांस्टेबल शिवजीत, अजय जाट, माजिद दीवान, मुंसी शुभांकर सहित पुलिस बल उपस्थित रहे। साथ ही बीजेपी बबीना कैंट मंडल अध्यक्ष डॉ. शिखा साहू, बबीना प्रधान दीनदयाल अहिरवार, प्राचार्य नरेन्द्र अरोरा, उपप्राचार्य ब्रजेन्द्र साहू, सफाई निरीक्षक रविकांत शर्मा, फार्मासिस्ट संध्या रानी, स्टाफ नर्स दीपा सिंह, पत्रकार और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि पूरे समाज में नारी सशक्तिकरण और जागरूकता की नई लहर पैदा करते हैं। यह मिशन शक्ति केंद्र आने वाले समय में नारी शक्ति का सशक्त प्रतीक बनकर यह संदेश देगा कि—
“सशक्त नारी ही समृद्ध समाज की नींव है।”
No Previous Comments found.