झांसी मंडल में पेंशन अदालत: 40 मामलों का त्वरित समाधान

झांसी।  मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को वर्ष 2025 की द्वितीय पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के पेंशन संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया।

 
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने अपने संबोधन में कहा, "आप सभी रेल परिवार के सदस्य हैं। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी परिवादों का त्वरित निस्तारण कराना हमारी प्राथमिकता है। मेरे कार्यालय के द्वार सभी पेंशनरों के लिए सदैव खुले रहेंगे।"
 
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी  राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि कार्मिक विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन संबंधी 44 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 40 मामलों का तात्कालिक निस्तारण किया गया। कार्मिक विभाग और लेखा विभाग के संयुक्त प्रयास से यह संभव हो सका।
 
कार्मिक विभाग के कल्याण निरीक्षकों ने सभी 44 सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों से व्यक्तिगत संपर्क किया और उन्हें उनके प्रकरणों की प्रगति से अवगत कराया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कार्मिक विभाग की इस पहल की सराहना की और रेल प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया।
 
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्य साधन सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी  अरुण सिंह तोमर, सहायक कार्मिक अधिकारी अशोक कुमार मीना, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक  एमके नामदेव और कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक उपस्थित रहे।
 
रेल प्रशासन ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि कार्मिक विभाग सदैव उनके साथ है और रहेगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.