चित्रा चौराहे पर अस्थाई रैन बसेरा का उद्घाटन
झांसी। नगर निगम द्वारा चित्रा चौराहे के पास बनाए गए अस्थाई रैन बसेरा का आज नगर निगम के महापौर बिहारी लाल आर्य ने फीता काटकर उद्घाटन किया। बताते चलें कि यह रैन बसेरा 50 लोगों की क्षमता का अस्थाई रूप से बनाया गया है, जो एक महीने तक चलेगा। इनमें एक तरफ महिलाओं के लिए 25 तथा दूसरी तरफ पुरुषों के लिए 25 बेड रखे गए हैं। उद्घाटन करने के बाद मेयर ने बताया कि इस अस्थाई रैन बसेरा को सर्वसुविधा युक्त बनाया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा पहले से ही शेल्टर होम चलाये जा रहे हैं। आवश्यकता महसूस करते हुए इस अस्थाई रैन बसेरा को बनाया गया है। यदि जरूरत पड़ी, तो और भी इसी तरह के अस्थाई बंद बसेरा बनाए जाएंगे। इस अवसर पर नगर आयुक्त आकांक्षा राणा सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। रैन बसेरा के उद्घाटन के बाद महापौर तथा नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। इस दौरान अस्थाई रैन बसेरा में कमियां मिलने पर नगर आयुक्त ने तीखे तेवर अपनाते हुए तत्काल इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। दरअसल, निरीक्षण के दौरान बसेरे में से यूरिनल दुर्गंध महसूस होने पर नगर आयुक्त ने केयर टेकर को तत्काल स्प्रे कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा अस्थाई रैन बसेरे में लगाए गए पर्दे भी घटिया किस्म के पाए जाने पर नगर आयुक्त ने कड़ी फटकार लगाई। मेयर ने भी इस मामले में तीखे तेवर अपनाते हुए तत्काल व्यवस्थाओं को ठीक करने के निर्देश दिए।

No Previous Comments found.