मुर्गा मछली मार्केट के लिए 10 दुकानों का शिलान्यास
झांसी। शहर के व्यस्ततम इलाके से मुर्गा मछली मार्केट को स्थानांतरित करने के क्रम में आज ग्राम भगवन्तपुरा में स्लाटर हाउस के पास नगर निगम द्वारा प्रस्तावित 10 दुकानों के निर्माण का शिलान्यास तथा भूमि पूजन नगर निगम के महापौर बिहारी लाल आर्य ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त आकांक्षा राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शिलान्यास व भूमि पूजन करने के बाद बताया कि नगर निगम द्वारा यहां पूर्व से भी दुकानों का निर्माण किया गया है, लेकिन अब 10 दुकानों का और भी निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा इन दुकानों तक आवागमन के लिए पक्के रोड का निर्माण तथा जन सुविधा को देखते हुए 10 सीट का शौचालय भी बनाया जाएगा। महापौर ने बताया कि पिछले ढाई वर्ष से अधिक समय में ऐतिहासिक नगरी झांसी का स्वरूप विकास के मामले में बदला है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में झांसी नहीं, संपूर्ण बुंदेलखंड में विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का ही है परिणाम है कि हमें स्वच्छता तथा अन्य सर्वेक्षण में महत्वपूर्ण स्थान हासिल हो रहे हैं। यह सभी जन सहभागिता तथा नगर निगम के कर्मठ अधिकारियों की कार्यशैली के कारण फलीभूत हो रहा है। इस अवसर पर मेयर ने बुंदेलखंड के विकास को लेकर कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने का जो वायदा किया था, वह पूरा होता नजर आ रहा है। यही कारण है कि नोएडा से भी बड़ा बीड़ा शहर विकसित हो रहा है। उन्होंने बताया कि झांसी की जनता ने जिस तरह से उन्हें आशीर्वाद देकर मेयर पद पर बैठाया है, उसी तरह से 5 साल में झांसी महानगर की जनता को सर्व सुविधायुक्त महानगर देने की कोशिश में लगे हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से नगर निगम के जनकार्य विभाग के मुख्य अभियंता सहित अन्य अधिकारी, दिलीप मुदगिल व नईम आदि मौजूद रहे।

No Previous Comments found.