मंडल रेल प्रबंधक, झांसी मंडल द्वारा पारीछा थर्मल पावर एवं सीमेंट साइडिंग का निरीक्षण
झांसी।आज मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने आज पारीछा थर्मल पावर साइडिंग तथा सीमेंट साइडिंग का निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने स्पष्ट रूप से कहा कि कोयला रेक संचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को पूर्णतः समाप्त किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पारीछा तापीय परियोजना में रेलवे द्वारा कोयला रेक संचालन, कोयला अनलोडिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, संरक्षा मानकों, रेक की अन-कपलिंग सहित अन्य परिचालन संबंधी विषयों पर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय वार्ता की गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सुरक्षित एवं सुचारू रेल परिचालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके पश्चात मंडल की डीसीपीजी सीमेंट लोडिंग साइडिंग का निरीक्षण किया गया, जहां बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की टीम के साथ सीमेंट लोडिंग में रेल कोएफ़िशिएंट (Rail Coefficient) बढ़ाने के उद्देश्य से समन्वय एवं विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं, लोडिंग क्षमता वृद्धि तथा रेल परिवहन के माध्यम से अधिक यातायात आकर्षित करने पर चर्चा की गई।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर रेलवे के राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ सुरक्षित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।


No Previous Comments found.