"महाशिवरात्रि पर 15 फरवरी को निकलेगी भव्य शिव बारात, 20वां वर्ष"

झांसी । महाशिवरात्रि के पर्व पर भव्य एवं विशाल शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है। आप विदित ही हैं कि महाशिवरात्रि पर्व पर शिव बारात का आयोजन वर्ष 2007 से निरन्तर किया जा रहा है, यह बीसवां वर्ष है, 15 फरवरी को प्रातः 10 बजे भव्य शिव बारात मुरली मनोहर मन्दिर, बड़ा बाजार, झाँसी से प्रारम्भ होकर बड़ा बाजार, मालिन चौराहा, जवाहर चौक, मानिक चौक, सिन्धी तिराहा, रानी महल, मिनर्वा चौराहा, सैंयर गेट होते हुए ऐतिहासिक मढ़िया महादेव मन्दिर के लिए प्रस्थान करेगी।
 
झाँसी की ऐतिहासिक धरोहर एवं हिन्दू आस्था का प्रमुख केन्द्र, प्राचीनतम मढ़िया महादेव मन्दिर की स्थापना गोसाईयों ने 600 वर्ष पूर्व करायी थी, समय बीतने और मन्दिर के आस-पास बस्ती बसने के साथ-साथ मन्दिर परिसर में अवैध कब्जे बढ़ते चले गये, जिससे आम लोगों को यहाँ पर आराधना, पूजार्चना एवं धार्मिक आयोजनों में दिक्कतें आने लगीं। तत्कालीन सरकारों से लगातार अनुरोध करने के बाद भी मन्दिर परिसर से अवैध कब्जों को नहीं हटाया गया, अपितु अवैध कब्जे बढ़ते ही चले गये। हिन्दू आस्था के केन्द्र पर लगातार बढ़ता अतिक्रमण चिंता का कारण बन गया। इसी चिंता को लेकर संकल्प लिया गया कि झाँसी के प्राचीनतम शिवालय मढ़िया महादेव के प्रांगण को अवैध कब्जाधारियों से मुक्त कराकर आमजनों को आराधना, पूजार्चन और धार्मिक आयोजनों के लिए सुलभ करायेंगे, जिसके लिए ही वर्ष 2007 से महाशिवरात्रि पर्व पर शिव-बारात का आयोजन कर आमजनों से संगठित होने का आह्वान किया।
शिव-बारात में हर वर्ष, हजारों की संख्या में श्रद्धालु हर-हर महादेव, बम-बम भोले का घोष करते हुए मढ़िया महादेव मन्दिर पहुँचकर शिवजी का अभिषेक करते हैं। सैकड़ों की संख्या में महिलाएँ सिर पर कलश रखकर बारात में सम्मिलित होती हैं, गाजे-बाजे डीजे, ढोल नगाड़ों के साथ शिव बारात का स्वरूप नयनाभिराम होता है। नगर के प्रमुख मार्गों से युवाओं की टोलियों का नाच-गाकर निकलना वातावरण को शिवमय बना देती है। नगर के विभिन्न जगहों पर उत्साहपूर्वक शिव बारातियों का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जाता है।
 
दिव्य एवं भव्य शिव बारात के प्रतिवर्ष होने वाले आयोजन में आप सभी पत्रकार बन्धुओं का भी स्वागत, वंदन और अभिनन्दन करता हूँ। आप सभी ने भी हरदम और हर कदम मेरा साथ देकर मुझमें ऊर्जा का संचार किया और मेरा मनोबल बढ़ाया है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.