बीआईईटी झांसी में स्टार्टअप जागरूकता सत्र आयोजित, विद्यार्थियों को मिले नए अवसरों के संकेत

झांसी।  बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (बीआईईटी), झांसी में इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेंटर (आईआईसी) के अंतर्गत “बुंदेलखंड वेंचर समिट एवं स्टार्टअप एक्सपो (बीवीएस 2026)” से संबंधित एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के सम्मान के साथ हुई।  इसके बाद संस्थान के निदेशक प्रो. जितेंद्र कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों को संस्थान से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने छात्रों के भविष्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही और बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को सीखने, आगे बढ़ने और अपने करियर को बेहतर दिशा देने में सहायक होते हैं, ताकि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिल सके।
इसके पश्चात मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. आकांक्षा रिछारिया (अध्यक्ष, रोटरी क्लब ऑफ झांसी रानी एवं पूर्व सहायक प्राध्यापक, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी) तथा प्रियांका अग्रवाल (अध्यक्ष, इनर व्हील झांसी क्वीन) ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने स्टार्टअप और उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में युवा अपने विचारों के माध्यम से नए अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों को नवाचार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
सत्र के दौरान उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत जानकारी में बताया गया कि “बुंदेलखंड वेंचर समिट एवं स्टार्टअप एक्सपो (बीवीएस 2026)” के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचार प्रस्तुत करने, उद्योग विशेषज्ञों से जुड़ने तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्टार्टअप प्रदर्शनी, निवेशकों से संवाद, पैनल चर्चा और नेटवर्किंग जैसी गतिविधियों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रो. डी. के. श्रीवास्तव (समन्वयक, आईआईसी) एवं डॉ. एस. के. राजपूत (उप-समन्वयक, आईआईसी) की उपस्थिति भी रही। इसके साथ ही संस्थान के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताया तथा ऐसे आयोजनों को अपने भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.