घर से शुरू होगा कचरा प्रबंधन, तभी स्वच्छ बनेगा शहर- डा जितेन्द्र तिवारी
झांसी। किसी भी शहर की स्वच्छता सड़कों से नहीं, बल्कि घरों की रसोई से तय होती है। जब तक कचरा घर के स्तर पर अलग नहीं होगा, तब तक वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन संभव नहीं है। इसी सोच को व्यवहार में उतारने के उद्देश्य से जिला जनकल्याण महासमिति झांसी एवं जे के टी नेचर केयर झांसी द्वारा केंद्रीय अध्यक्ष डा जितेन्द्र कुमार तिवारी के मुख्य संयोजन में “दो डस्टबिन – एक संकल्प” अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत नगर के विभिन्न वार्डों की कई महिलाओं को निःशुल्क डस्टबिन वितरित किए गए। उपस्थित महिलाओं ने अपने घरों में सूखा एवं गीला कचरा पृथक्कीकरण सुनिश्चित करने, कचरा सड़क पर न फेंकने तथा रसोई से निकलने वाले जैविक कचरे से घर पर ही खाद तैयार करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि यदि घरों में गीला कचरा अलग कर लिया जाए तो उसका 60–70 प्रतिशत भाग जैविक खाद में परिवर्तित किया जा सकता है, जिससे न केवल लैंडफिल का दबाव कम होगा बल्कि पर्यावरण प्रदूषण भी घटेगा। रसोई और घर के पौधों से निकलने वाली फूल-पत्तियों से तैयार जैविक खाद किचन गार्डन के लिए अत्यंत उपयोगी है और इससे रसायनमुक्त सब्जियों का उत्पादन संभव है।
संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि “स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों का कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक गृहिणी और परिवार की जिम्मेदारी है। जब हर घर दो डस्टबिन अपनाएगा, तभी शहर स्वच्छता की ओर वास्तविक कदम बढ़ाएगा।”
कार्यक्रम में महिलाओं को होम कम्पोस्टिंग की सरल विधि, जैविक खाद के लाभ तथा किचन गार्डन विकसित करने की जानकारी दी गई। संस्था ने स्पष्ट किया कि यह अभियान वार्ड स्तर पर निरंतर चलाया जाएगा और जनभागीदारी को और व्यापक बनाया जाएगा।
संस्था ने प्रकृति प्रेमी पर्यावरण मित्रों के स्वच्छता प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नागरिक सहभागिता से झांसी शीघ्र ही स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर कशिश राजपूत, प्रियंका शर्मा,किरन ठाकुर, सूर्या निषाद,कनिका केवट, मोहिनी राजपूत,किरन राजपूत,पूजा गुप्ता, प्रतिमा ओझा, विवेक निगम आदि मौजूद रहे। श्रीमती निर्मल तिवारी ने संचालन करते हुए आभार व्यक्त किया।


No Previous Comments found.