100 घंटे में शुरू हुआ पीडीए भवन निर्माण: अखिलेश यादव ने निभाया वादा
झांसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जनपद दौरे के महज 100 घंटे के भीतर पीडीए भवन झांसी के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई। सपा सुप्रीमो द्वारा दौरे के दौरान किए गए वादे के शीघ्र क्रियान्वयन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार देखा जा रहा है।
जनपद भ्रमण के दौरान सपा सुप्रीमो ने कार्यालय स्थल का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट कहा था कि वे केवल औपचारिक निरीक्षण के लिए नहीं आए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था, “मैं निरीक्षण करने नहीं आया हूँ, बल्कि बहुत जल्द आप सभी कार्यकर्ताओं को व्यवस्थित और सुसज्जित कार्यालय बनाकर दूंगा।” उनके इस बयान को कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के रूप में लिया था।
दौरे के समय उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा था कि किसी भी राजनीतिक संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए स्थायी, सुदृढ़ और सुव्यवस्थित कार्यालय का होना आवश्यक है। उन्होंने संकेत दिया था कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत करना शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में तेजी से कदम उठाए जाएंगे।
इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है कि 100 घंटे के भीतर पीडीए भवन का कार्य प्रारंभ हो गया। निर्माण कार्य शुरू होते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और समर्थक स्थल पर पहुंचे और इसे ऐतिहासिक पहल बताया।
सपा नेता राहुल यादव बबीना ने कहा कि सपा सुप्रीमो ने जो कहा, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं होगा, बल्कि संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का माध्यम सिद्ध होगा।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि पीडीए भवन के निर्माण से जनपद में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में सुविधा होगी।
कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह भवन समाजवादी विचारधारा के प्रचार-प्रसार और संगठन विस्तार का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस दौरान पूर्व छात्र सभा जिलाध्यक्ष जगमोहन सेमरी, सौरभ अहिरवार, विनीत मोड़, विजय चोरियां, बृजेंद्र राजपूत, सौरभ हरदुआ, जीतू बमरौली, सुनील कुशवाहा, शिवा, मनु पटेल अरविंद दांगी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No Previous Comments found.