साधो बैंड की प्रस्तुति झांसी में, 28 फरवरी सायं 07 बजे, मुक्ताकाशी मंच पर
झांसी। साधो बैंड दिल्ली स्थित एक प्रतिष्ठित लोक-पॉप संगीत समूह है। यह बैंड भारत की विविध धार्मिक लोकधुनों को आधार बनाकर आधुनिक संगीत का सृजन करता है। साधो बैंड में कुल नौ प्रतिभाशाली सदस्य हैं, जिनमें मयंक और जतिन इसके प्रमुख संगीतकार के रूप में विशेष पहचान रखते हैं।
इनकी प्रस्तुतियाँ प्रायः किसी विशिष्ट विषय पर आधारित होती हैं, किंतु अपने गायन में संगीत की विविध शैलियों का समावेश करना ही इनकी विशिष्टता है, जो इन्हें अन्य बैंडों से अलग बनाता है।
साधो बैंड नियमित रूप से कॉर्पोरेट आयोजनों तथा भव्य मंचीय कार्यक्रमों में अपनी सशक्त प्रस्तुति देता है। यह समूह असम, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, केरल, कश्मीर तथा उड़ीसा सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोकधुनों को अपने संगीत में पिरोता है।
प्रत्येक राज्य की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा ग्रहण कर यह बैंड भारतीय लोकसंगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है और युवाओं में धार्मिक अवचेतना का संचार करता है।
साधो बैंड अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता का सजीव अनुभव कराता है। विविधता के संरक्षण और संवर्धन हेतु यह बैंड विभिन्न संगीत शैलियों के अतिथि कलाकारों के साथ भी सहयोगात्मक कार्य करता है। जैसा कि सर्वविदित है, भारत के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी ने भी अपने निवास एंटीलिया में इस बैंड को विशेष प्रस्तुति हेतु आमंत्रित कर सम्मानित किया है।
साधो बैंड ने देश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपने ओजस्वी महाभक्ति गीतों द्वारा श्रोताओं को भावविभोर किया है तथा आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया है। आगामी 28 फरवरी 2026 को सायं 07 बजे से मुक्ताकाशी मंच, दुर्ग मार्ग, झाँसी पर झाँसी में पहली बार अपनी प्रस्तुति देने आ रहा है। इस अवसर पर झाँसी के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भारत की सांस्कृतिक विविधता का सजीव अनुभव करें।

No Previous Comments found.