४३.७७ करोड़ की लागत से बनेगा बांसी–बार मार्ग, सांसद अनुराग शर्मा ने किया भूमि पूजन
ललितपुर । झांसी–ललितपुर क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद अनुराग शर्मा के अथक प्रयासों से ललितपुर जिले में बांसी–बार मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का रविवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ जी सदर विधायक रामरतन कुशवाहा जी ,जिला अध्यक्ष हरिशचंद्र रावत ,जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों के साथ पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कराई।
बताया गया कि बांसी–बार मार्ग की कुल लंबाई १४.३६० किलोमीटर है और इसके निर्माण तथा चौड़ीकरण पर लगभग ४३.७७२७ करोड़ रुपये की लागत आएगी। क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। सांसद अनुराग शर्मा के निरंतर प्रयासों से अब इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और यह सड़क परियोजना भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी इस सड़क निर्माण कार्य को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सांसद अनुराग शर्मा के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.