पीस कमेटी की बैठक में नई परंपरा शुरू न करने की हिदायत, खुले स्थान में ना करें नमाज अदा- आसमा वकार
सकरार झांसी: आज थाना सकरार परिसर में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकार टहरौली आसमा वकार ने की। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, भूतपूर्व प्रधान, वरिष्ठ समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक, मौलवी उपस्थित रहे।
बैठक में नवरात्रि, रमजान, चैती चांद, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती, डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती एवं परशुराम जयंती जैसे प्रमुख त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू न की जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व से चली आ रही व्यवस्थाओं के अनुरूप ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं नियंत्रित ध्वनि स्तर पर ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सभी बीट प्रभारी एवं प्रभारी निरीक्षक को थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में त्योहार के मद्देनज़र साफ सफाई एवं बिजली के तार खुले ना पड़े हो एवं उनकी ऊंचाई पर्याप्त हो इसके निरीक्षण के लिए भी कहा गया |
बैठक में सत्य प्रकाश मिश्रा, धर्म प्रकाश चौरसिया, देवेंद्र सिंह राजावत, जय सिंह सिसोदिया, हरिश्चंद्र सिंह,वाहिद खान,राकेश सेन, चांद खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने का संकल्प लिया।
No Previous Comments found.