झांसी मंडल की बड़ी उपलब्धि : सेक्शनल गति वृद्धि को मिली स्वीकृति
झांसी। आज झांसी मंडल ने रेल संचालन के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अनिरुद्ध कुमार के कुशल नेतृत्व में झांसी–गोविंदपुरी 211 किमी रेलखंड खंड (422 ट्रेक किमी सेक्शन) पर सेक्शनल गति को 110 किमी/घंटा से बढ़ाकर 130 किमी/घंटा करने की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अत्यंत सीमित समय में ट्रैक, सिग्नलिंग, ट्रैक्शन तथा अन्य आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए हासिल की गई है। इस दिशा में मंडल के विभिन्न विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, निरंतर मॉनिटरिंग एवं संबंधित प्राधिकरणों के साथ प्रभावी अनुवर्ती कार्रवाई ने अहम भूमिका निभाई है।
सेक्शनल गति में इस वृद्धि से ट्रेनों के परिचालन में उल्लेखनीय सुधार होगा। यात्रा समय में कमी आएगी, जिससे यात्रियों को तेज, सुगम एवं अधिक सुविधाजनक रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही, ट्रेनों की समयबद्धता (पंक्चुअलिटी) में भी सकारात्मक सुधार अपेक्षित है।
उच्च गति के अनुरूप बेहतर योजना के साथ मेंटेनेंस कार्यों का निष्पादन संभव हो सकेगा। इससे मेंटेनेंस ब्लॉक्स का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा तथा ट्रैक एवं अन्य परिसंपत्तियों के रखरखाव के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध होगा। परिणामस्वरूप रेल संचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता में और अधिक मजबूती आएगी।
यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण एवं बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। झांसी मंडल भविष्य में भी यात्रियों को तेज, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।

No Previous Comments found.