झाँसी मंडल में ग्रीष्मकालीन सावधानियों पर संगोष्ठी आयोजित
झांसी। आज झाँसी मण्डल रेल प्रबन्धक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में ग्रीष्मकालीन सावधानियों के मद्देनज़र एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी के दौरान ग्रीष्मकालीन मौसम में रेल पथ की सुरक्षा एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें डी-स्ट्रेसिंग कार्य की प्रगति एवं शीघ्र पूर्णता, ट्रैक पर जीरो मिसिंग फिटिंग सुनिश्चित करना तथा अप्रभावी फिटिंग का नवीनीकरण, शोल्डर एवं क्रिब्स में पर्याप्त गिट्टी की उपलब्धता विशेष रूप से ब्रिज एवं गेट अप्रोच तथा ट्रैसपासिंग स्थानों पर सुनिश्चित करने जैसे विषय प्रमुख रहे।
इसके अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक द्वारा जीपीएस ट्रैकर के माध्यम से ग्रीष्मकालीन पेट्रोलिंग की प्रभावी योजना, दिन के सबसे गर्म समय में फुट प्लेट निरीक्षण, ट्रैक के आसपास झाड़ियों एवं पेड़ों की शाखाओं की नियमित कटाई तथा पेट्रोलिंग कर्मियों की स्थिति की समीक्षा एवं काउंसलिंग जैसे बिंदुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्रीष्मकालीन चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध बना रहे।
इस संगोष्ठी में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/परिचालन नंदीश शुक्ल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं समन्वयक उपस्थित रहे। इसके साथ ही फील्ड स्तर से सभी सहायक मण्डल इंजीनियर एवं सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रे.प.) इन्चार्ज ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

No Previous Comments found.