लक्ष्मी गेट शराब दुकान स्थानांतरण की मांग को लेकर फिर उठी आवाज
झांसी। आज लक्ष्मी गेट क्षेत्र में स्थित शराब की दुकान का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पहले भी इस मामले को लेकर धरना प्रदर्शन तथा ज्ञापन आदि हो चुके हैं। आज फिर से इस दुकान के विरोध में क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर दुकान को स्थानांतरित किए जाने की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष संजीव श्रंगीऋषि तथा क्षेत्रीय पार्षद अरविंद खटीक व आशीष रायकवार के नेतृत्व में क्षेत्र के दर्जनों लोग आज तहसील परिसर में पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए अवगत कराया कि वार्ड क्रमांक 19 बंगलाघाट क्षेत्र के लक्ष्मी गेट के अंदर आबकारी नियमों का उल्लंघन करते हुए शराब की दुकान संचालित हो रही है। इस दुकान के कारण क्षेत्रीय जनजीवन तथा बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इस क्षेत्र में अधिकांश मजदूर तथा गरीब तबके के लोग रहते हैं। अब तक शराब के सेवन से 100 से अधिक मौतें क्षेत्र में हो चुकी हैं। इतना ही नहीं, यह दुकान मंदिर तथा प्राइमरी स्कूल से मात्र कुछ मीटर की दूरी पर ही स्थित है, जबकि शासनादेश है कि लगभग 100 मीटर की दूरी पर इन बिंदुओं से दूर शराब की दुकान होनी चाहिए। जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया कि इस दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की दिशा में कार्रवाई की जाए।

No Previous Comments found.