झांसी रेल मंडल में अत्याधुनिक वॉर रूम की स्थापना, समन्वय और त्वरित सेवा को मिलेगा नया आयाम

मंडल रेल प्रबंधक महोदय के कुशल मार्गदर्शन में झांसी रेल मंडल द्वारा परिचालन, सुरक्षा एवं यात्री सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक अत्याधुनिक वॉर रूम की स्थापना की गई है। यह वॉर रूम एक बड़े, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक कक्ष में विकसित किया गया है, जिसे नवीनतम एवं उन्नत तकनीकों तथा अत्याधुनिक संचार प्रणाली से सुसज्जित किया गया है।
 
इस वॉर रूम की विशेषता यह है कि इसमें रेल मदद, रेल सुरक्षा बल (RPF) सहित विभिन्न विभागों—वाणिज्य,  कैरिज एंड वैगन, विद्युत विभाग आदि—के प्रतिनिधि एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर समन्वित रूप से कार्य करेंगे। इससे विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित होगा और किसी भी स्थिति में शीघ्र निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।
 
नव स्थापित वॉर रूम के माध्यम से ट्रेनों के संचालन, सुरक्षा से संबंधित पहलुओं तथा यात्रियों की शिकायतों एवं समस्याओं की सतत निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति अथवा आकस्मिक परिस्थिति में यह वॉर रूम त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगा, जिससे समस्या का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा।
 
यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, रेल मदद से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर भी यहां से तुरंत कार्यवाही की जाएगी। इससे न केवल शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी, बल्कि सेवा की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
 
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झांसी रेल मंडल का यह प्रयास ‘स्मार्ट रेलवे’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीक के उपयोग और त्वरित सेवा के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय यात्रा अनुभव प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.