जनपद न्यायाधीश ने किया जिला कारागार का निरीक्षण प्रत्येक बैरेक में जाकर बंदियों की सुनी समस्याएं, जल्द समाधान के दिए निर्देश
झांसी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कमलेश कच्छल द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण किया गया । जनपद न्यायाधीश द्वारा प्रत्येक बैरेक में जाकर निरुद्ध बंदियों की समस्याओं को सुना गया और वाद की पैरवी हेतु अधिवक्ता है अथवा नहीं की जानकारी लेते हुए कहा कि यदि अधिवक्ता नहीं है तो मामले की पैरवी हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता प्रदान कराया जाएगा । बंदियों से मुलाकात के दौरान कुछ बंदियों ने जमानत के सम्बन्ध में, पेशी की तारीख, सरकारी अधिवक्ता प्रदान करने आदि के बारे में जानकारी चाही, जिसके सम्बन्ध में जनपद न्यायाधीश द्वारा वरिष्ठ जेल अधीक्षक, जिला कारागार को निर्देश भी दिए कि बंदियों की समस्याओं का जल्द ही समाधान किया जाए । उन्होंने वरिष्ठ जेल अधीक्षक को यह भी निर्देश दिया गया कि जेल में निरुद्ध बंदियों का समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, गर्मी एवं बारिश के मौसम को देखते हुए डेंगू-मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए बंदियों को सभी इन्तजाम मुहैया किए जाए । बदलते मौसम आदि को दृष्टिगत मच्छरों के प्रकोप से भीषण बीमारियों से बचाव के इन्तजाम को भी जाँचा गया व उससे सम्बन्धित जेल प्रशासन को दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे भीषण गर्मी के प्रकोप से बंदियों को बचाया जा सके ।

No Previous Comments found.