पठाकरका के कंपोजिट विद्यालय में वार्षिकोत्सव व सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न
बंगरा (झांसी) ब्लॉक बंगरा के ग्राम पठाकरका स्थित कंपोजिट विद्यालय में वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं विदाई समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनिल श्रीवास्तव (क्षेत्र सह कार्यवाह, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं सुहाना एवं महक द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात वैदेका एवं प्रतीक्षा ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण अभिनंदन किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रीति श्रीवास्तव ने अपने स्वागत संबोधन में विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक प्रगति एवं विद्यार्थियों की सफलता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। मुख्य अतिथि अनिल श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा निहित होती है, जिन्हें उचित मार्गदर्शन एवं अवसर मिलने पर वे नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अरुण सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी दीपक श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त बीईओ राजकुमार विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान डॉ. जगदीश प्रसाद कुशवाहा एवं प्रबंध समिति अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी हरचरण लिटौरिया ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन कवि संजीव दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ‘प्रेरणा परीक्षा’ में राष्ट्रीय स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले छात्र स्वतंत्र रंजन एवं राघवेंद्र को आर्ट किट प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही अटल आवासीय परीक्षा एवं राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। कक्षा 1 से 8 तक की वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 7 की छात्रा साक्षी एवं कक्षा 8 के छात्र स्वतंत्र ने अपने प्रभावशाली भाषण से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं—राकेश कुमार, रघुवर दयाल, नाहिद खान, आनंद स्वरूप, भारती अग्रवाल, ज्योत्सना निरंजन, महिपाल सिंह, अनुपमा शर्मा, अनीता कुमारी, आगम खान, अनीता पंथी, पुष्पलता सोनी एवं बसंती कुशवाहा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
इसके अतिरिक्त ब्लॉक संसाधन केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, राजू तिवारी, वीरेंद्र प्रजापति, प्रवेश शर्मा, संदीप श्रीवास्तव, अनुराग यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं ग्रामीणजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका नाहिद खान द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह का समापन उत्साह, उल्लास एवं प्रेरणादायक माहौल के बीच हुआ।
रिपोर्ट धीरेंद्र सोनी


No Previous Comments found.