झांसी मंडल द्वारा दिव्यांगजनों को ATVM फैसिलिटेटर के रूप में नियुक्त कर सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा समावेशी विकास एवं दिव्यांगजनों की सामाजिक-आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। इस पहल के अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर दिव्यांगजनों को ATVM (Automatic Ticket Vending Machine) फैसिलिटेटर के रूप में नियुक्त किया जा रहा है।
 
इसी क्रम में मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर कुल 16 दिव्यांगजनों की नियुक्ति की गई है, जिसमें ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर 04, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर 03, ललितपुर रेलवे स्टेशन पर 03, डबरा रेलवे स्टेशन पर 02, उरई रेलवे स्टेशन पर 02, चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन पर 01 तथा खजुराहो रेलवे स्टेशन पर 01 दिव्यांग ATVM फैसिलिटेटर शामिल हैं।
 
ये नियुक्तियां न केवल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं, बल्कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुलभ भी बनाएंगी। ATVM फैसिलिटेटर यात्रियों को मशीन के उपयोग में सहायता प्रदान करेंगे, जिससे समय की बचत होगी और टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी।
 
झांसी मंडल की यह पहल “सुगम्य भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है। इससे दिव्यांगजनों को सम्मानजनक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा वे समाज की मुख्यधारा में और अधिक सशक्त रूप से जुड़ सकेंगे।
 
मंडल प्रशासन का यह प्रयास सामाजिक समावेशन, आत्मनिर्भरता एवं सेवा गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जो भविष्य में अन्य मंडलों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.