स्मार्ट मीटर से हाहाकार, विधायक रवि शर्मा ने CM योगी से कहा- प्रीपेड को पोस्टपेड में बदलें

झाँसी। स्मार्ट मीटर के कारण आ रही समस्यायों को दृष्टिगत रखते हुए नगर विधायक रवि शर्मा ने उ0प्र0 के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा कि उ0प्र0 सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढाँचा, तथा कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जो उल्लेखनीय कार्य किये हैं, वे प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं परन्तु विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली के कारण सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। 
नगर विधायक रवि शर्मा ने लिखा कि झाँसी महानगर में लगाए जा रहे स्मार्ट विद्युत मीटरों के कारण आम उपभोक्ताओं में गहरा असंतोष एवं आक्रोश निरन्तर व्याप्त हो रहा है। विद्युत विभाग द्वारा बिना उपभोक्ता की सहमति के जबरन प्रीपेड स्मार्ट मीटर स्थापित कराए जा रहे हैं, जो कि उपभोक्ता के अधिकारों का उल्लंघन है। जबरन मीटर स्थापित किये जाने की बाध्यता नहीं होना चाहिए। अगर यही स्थिति निरन्तर व्याप्त रही तो यह विकराल जन असंतोष का रूप भी ले सकती है।  इन स्मार्ट मीटरों के सम्बन्ध में आ रही अनेक गम्भीर विषय उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री जी के संज्ञान में लाये, जो निम्नलिखित हैं-
ऽ अत्यधिक एवं असंगत विद्युत बिल आना। 
ऽ बिना पूर्व सूचना के अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित होना।
ऽ समाज के गरीब उपभोक्ताओं द्वारा प्रीपेड मीटर रीचार्ज करने के बाद भी बिजली न आना।
ऽ नियमित रूप से विद्युत उपयोग न करने वालों पर विपरीत प्रभाव।   
नगर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि यह स्थिति और भी चिंताजनक है कि जो उपभोक्ता पूर्व में नियमित रूप से समय पर अपने विद्युत बिल का भुगतान करते रहे हैं, उनकी भी बिना किसी स्पष्ट कारण के विद्युत आपूर्ति बाधित की जा रही है। इससे आमजन में अत्यधिक असंतोष उत्पन्न हो रहा है।
इसके अतिरिक्त, विद्युत विभाग के कार्यालयों में उपभोक्ताओं के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अनुचित व्यवहार किए जाने की शिकायतें निरंतर प्राप्त हो रही हैं एवं उनके साथ अन्य दलों के जनप्रतिनिधियों द्वारा भी विभाग के अधिकारियों का घेराव आदि भी किया जा रहा है और निरन्तर स्थिति विशम होती जा रही है। उपभोक्ताओं के साथ बातचीत में भी विद्युत विभाग के अधिकारियों का व्यवहार सामान्य नहीं है। विद्युत आपूर्ति पुनः प्रारम्भ कराने हेतु अग्रिम धनराशि जमा करने का अनावश्यक दबाव भी बनाया जा रहा है, जबकि उपभोग की गई विद्युत का स्पष्ट एवं पारदर्शी विवरण देने में अधिकारी असमर्थ दिखाई देते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रीपेड व्यवस्था में मोबाइल की भांति रीचार्ज कराना होता है, जिसके लिए समस्त उपभोक्ता निपुण नहीं हैं। अधिकतर घरेलू महिलाएं अचानक विद्युत संयोजन कट जाने पर कठिनाई का सामना कर रही हैं। वर्तमान गर्मी के मौसम में यह स्थिति और भी खराब हो गयी है। प्रीपेड मीटर के बिल का एडवांश जमा करने के बाद भी लाइट काट दी जा रही है। जनसामान्य द्वारा सोशल मीडिया पर भी अपना असंतोष व्यक्त किया जा रहा है, जिससे शासन एवं प्रशासन की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। 
 
नगर विधायक रवि शर्मा ने स्मार्ट मीटर के कारण आ रही गम्भीर समस्याओं के निदान हेतु झाँसी महानगर में लगाए गए सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पुनः पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित कराने एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण कराने का अनुरोध माननीय मुख्यमंत्री जी से किया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.