नगर निगम में हुआ शासन द्वारा नव मनोनीत पार्षदों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह
झांसी। नगर निगम के सभागार में आज शासन द्वारा मनोनीत किए गए पार्षदों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। नगर निगम के महापौर बिहारी लाल आर्य के सभापतित्व में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में सभी नव मनोनीत 10 पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की संवैधानिक परंपराओं के अनुसार शपथ दिलाई गई। महापौर बिहारी लाल आर्य ने मनोनीत किए गए दो महिलाओं सहित 10 सभासदों को शपथ दिलाते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि नव मनोनीत पार्षदों द्वारा दिए जाने वाले सहयोग से अब झांसी नगर निगम और अधिक उत्साह के साथ काम करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि झांसी के विकास को और पंख लगेंगे। महापौर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि 3 वर्ष पूर्व हमने झांसी की कायाकल्प किए जाने का संकल्प लिया था। उसे हम पूरा करने की भरसक कोशिश कर रहे हैं। झांसी की जनता ने जिस तरह से अपना अटूट विश्वास जताया है, उस विश्वास पर हम 100% खरा उतरने की कोशिश कर रहे हैं। 3 वर्षों में झांसी के विकास ने नए आयाम तय किए हैं। आज झांसी बदला नजर आ रहा है। आने वाले समय में झांसी और बुंदेलखंड पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाएगा। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने सभी नव मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित रूप से उनके सहयोग से झांसी का विकास अब और तेज गति से होगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल, विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन, नगर निगम की नगर आयुक्त आकांक्षा राणा आदि सहित समस्त पार्षदजन भी मौजूद रहे। बताते चलें कि नव मनोनीत पार्षदों में मुख्य रूप से पूर्व में पार्षद रह चुके आदर्श गुप्ता, निलेश त्रिपाठी, कुसुम कुशवाहा आदि मुख्य रूप से शामिल हैं। समारोह का संचालन डॉक्टर नीति शास्त्री ने किया।

No Previous Comments found.