बंगरा में भावुक विदाई: ब्रांच मैनेजर अभिषेक सोनी का स्थानांतरण, ग्राहकों व कर्मचारियों की आंखें नम
बंगरा (झांसी)। पंजाब नेशनल बैंक शाखा बंगरा में कार्यरत ब्रांच मैनेजर अभिषेक सोनी के स्थानांतरण पर शनिवार को एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बैंक परिसर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र के ग्राहकों की आंखें भी नम हो गईं।
ब्रांच मैनेजर अभिषेक सोनी का कार्यकाल बंगरा में अत्यंत सराहनीय रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान बैंकिंग सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने का निरंतर प्रयास किया। ग्राहकों का कहना है कि उनके रहते बैंक में कार्य तेजी से होता था और किसी भी समस्या का समाधान तत्काल किया जाता था। उनकी कार्यशैली, व्यवहार और समर्पण ने उन्हें क्षेत्र के लोगों के बीच लोकप्रिय बना दिया था।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए अभिषेक सोनी ने भावुक शब्दों में कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया। उन्होंने कहा, “बंगरा में कार्य करते हुए मुझे यहां के लोगों और बैंक परिवार से जो प्यार और सम्मान मिला, उसे मैं जीवनभर नहीं भूल पाऊंगा। ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देना मेरी प्राथमिकता रही और मैंने हमेशा अपने कर्तव्यों को पूरी जिम्मेदारी से निभाने का प्रयास किया।” उन्होंने आगे कहा कि स्थानांतरण सेवा का एक हिस्सा है और जाना-आना लगा रहता है, लेकिन बंगरा से जुड़ी यादें उनके लिए हमेशा खास रहेंगी। “यहां के लोगों का अपनापन और सहयोग मेरे लिए अमूल्य है, जो शायद मुझे कहीं और देखने को न मिले ,अभिषेक सोनी का स्थानांतरण बबीना शाखा में किया गया है। वहीं, बैंक के फील्ड मैनेजर जितेंद्र कुमार यादव का स्थानांतरण तोड़ी फतेहपुर किया गया है। जितेंद्र कुमार यादव का कार्यकाल भी बेहद सराहनीय रहा और उन्होंने ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करते हुए बैंक की कार्यप्रणाली को मजबूत किया। विदाई समारोह के दौरान कर्मचारियों और ग्राहकों ने फूल-मालाएं पहनाकर दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी विरले ही मिलते हैं, जो अपने कर्तव्यों के साथ-साथ लोगों के दिलों में भी जगह बना लेते हैं। कार्यक्रम में बैंक के कर्मचारी गोविंद सिंह सिसोदिया, आदर्श द्विवेदी, ललित पाल,बैंक मित्र इंद्र विजय सिंह तोमर, सोमवीर सिंह, प्रवीण पस्तोर, घनेन्द्र कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने भावभीनी विदाई देते हुए दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट धीरेन्द्र सोनी

No Previous Comments found.