श्री राधा कृष्ण महायज्ञ समारोह: गेवरा-सिमरा में 7 दिन बहेगी धर्म की गंगा
झांसी। श्री राधा कृष्ण महायज्ञ समारोह एवं डॉ. श्याम सुंदर पराशर जी महाराज की श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन के संबंध में आज श्री सिदेश्वर सिद्ध पीठ, ग्वालियर रोड, झांसी पर एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत की गई। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए महानगर धर्माचार्य आचार्य पं. हरिओम पाठक जी ने बताया कि यह भव्य धार्मिक आयोजन दिनांक 23 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 01 मई 2026 तक श्री कारे कुंवर महाराज देव स्थान, ग्राम गेवरा-सिमरा (समीप रक्सा), जनपद झांसी में संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक डॉ. श्याम सुंदर पाराशर जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति और धर्म के गूढ़ संदेशों का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक सायंकाल मथुरा-वृंदावन की राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा रासलीला मंचन एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।कार्यक्रम के दौरान रावतपुरा सरकार, पंडोखर सरकार, दंदराऊआ सरकार ,धूमेश्वर सरकार सहित कई पूज्य संत-महात्माओं एवं कथा वाचकों के आगमन की संभावना है, जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ेगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन पांच कुण्डीय यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के समापन अवसर पर 01 मई 2026 को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
आयोजन समिति ने जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करें और इस पुण्य अवसर का हिस्सा बनें। इनकी रही विशेष उपस्थिति इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक आचार्य पं. मनोज पाठक, आचार्य राजीव पाठक, डॉ. जितेन्द्र कुमार तिवारी, हरी शंकर चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.