एग्रो-इनपुट डीलर्स की हड़ताल, जनपद में बंद रहे प्रतिष्ठान

झांसी। आज देशभर के एग्रो-इनपुट डीलर्स 27 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन को 18 से अधिक राज्यों का समर्थन मिल चुका है। झांसी में भी एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने की।
 
इस दौरान जिले के सैकड़ों व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। साथ ही जिला कृषि रक्षा अधिकारी को भी अपनी मांगों से संबंधित आवेदन दिया गया। डीलर्स का कहना है कि महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के संगठनों ने हड़ताल का समर्थन किया है। उनका आरोप है कि वर्तमान नीतियां, कंपनियों की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक दबाव के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। डीलर्स ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर खाद, बीज और कीटनाशकों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
 
इस अवसर पर बृजेंद्र कुशवाहा, देवेश पुरोहित, हंसराज बंसल, संजीव कुशवाहा कप्तान, नरेश गुप्ता कबाड़ी, धीरज गुप्ता, आमिर खान, दीपक अग्रवाल, संजू लाल, शिवाजी, नरेंद्र चौहान, चंद्रशेकर राजपूत, संतोष गुप्ता, अनूप राय, ओमकार कुशवाहा, प्रदीप शिवहरे, सीताराम कुशवाहा, आशिक कुशवाहा, हीरालाल राजपूत, प्रमोद गुप्ता, रिंकू अग्रवाल,  शैलेंद्र दांगी सहित वरिष्ठ व्यापारियों ने अपने विचार रखे और आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही। 
 
बॉक्स
प्रमुख मांगों पर जोर
 
डीलर्स ने मांग की कि सीलबंद उत्पादों के सैंपल फेल होने पर विक्रेताओं के बजाय निर्माता कंपनियों को जिम्मेदार ठहराया जाए। ‘साथी’ ऐप को सरल बनाया जाए या चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए। इसके अलावा जीएसटी में थर्ड पार्टी लायबिलिटी समाप्त करने, अतिरिक्त टैक्स का रिफंड, उर्वरक कंपनियों की टैगिंग पर रोक और डीलर मार्जिन बढ़ाने की भी मांग उठाई गई।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.