मथुरा में जन्मभूमि पर मूर्त रूप लेगा भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर : श्यामसुंदर पाराशर

झांसी । अंतर्राष्ट्रीय श्रीमद् भागवत कथा प्रवक्ता प. श्याम सुंदर पाराशर ने कहा है कि मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर निश्चित रूप से रूप से बनेगा। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने के लिए देशभर के साधु संत एकजुट हो गए हैं।
नगर के श्री सिद्धेश्वर सिद्धपीठ आश्रम पर आए भागवताचार्य श्यामसुंदर पाराशर ने सर्वप्रथम भगवान श्री सिद्धेश्वर एवं मां पीतांबरा के दर्शन किए । इस दौरान महानगर धर्माचार्य आचार्य हरिओम पाठक ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए श्यामसुंदर पाराशर ने कहा कि जैसे अयोध्या में जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना है उसी प्रकार शीघ्र ही मथुरा में भी भगवान श्री कृष्ण का भव्य मंदिर साकार रूप लेगा। संतों के बीच इसको लेकर मंथन चल रहा है। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए भी संत समाज एकजुट हो गया है क्योंकि इससे गायों को संरक्षण मिलेगा और उनका वध करने वालों को कठोर सजा मिलेगी। उन्होंने कहाकि भारत के प्राणों का आधार गौ माता रही हैं । इसलिए गौ का संरक्षण और संवर्धन आवश्यक है।उन्होंने कहा कि मुसलमानों को मदरसे में आयतें रटाई जाती हैं, ईसाईयों को बाइबल की शिक्षा दी जाती है लेकिन सनातन में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है जिससे युवा वर्ग दिग्भ्रमित हो जाता है ऐसे में सनातन धर्म के स्वरूप को प्रतिष्ठापित करने के लिए हर युवा को रामचरित मानस की पांच चौपाइयों का पाठन नित्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के माध्यम से ही विश्व में शांति स्थापित हो सकती है क्योंकि हम वसुधैव कुटुंबकम् के सिद्धांत का पालन करते हैं।
आभार आचार्य राजीव पाठक ने व्यक्त किया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.