प्रशासन के आदेशानुसार अग्निशमन विभाग की टीम ने किया शहर के अस्पतालों का निरीक्षण

झांसी: पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा उ0प्र0 के आदेश तथा जिलाधिकारी झांसी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशानुसार जनपद में संचालित जन-जागरूकता अभियान के क्रम में  आज मुख्य अग्निशमन अधिकारी झांसी राजकिशोर राय के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा शहर स्थित विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान सरोज हॉस्पिटल, बुंदेलखंड हॉस्पिटल एवं साईं कृपा हॉस्पिटल में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं आपातकालीन तैयारियों का गहन परीक्षण करते हुए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल के माध्यम से अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सकों एवं स्टाफ को आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) तथा जन-धन की सुरक्षा के प्रभावी उपायों का प्रशिक्षण दिया गया।
अभियान के दौरान अग्निशमन टीम द्वारा फायर एक्सटिंग्यूशर, फायर हाइड्रेंट, स्प्रिंकलर सिस्टम एवं फायर अलार्म सिस्टम के संचालन की व्यवहारिक जानकारी दी गई। साथ ही विद्युत शॉर्ट सर्किट से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं के कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों के संबंध में भी विस्तृत जागरूकता प्रदान की गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के साथ लीडिंग फायरमैन जगत सिंह यादव, फायरमैन जितेंद्र नायक, सोमवीर सिंह सहित अन्य कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकगण डॉ दिनेश राजपूत, डॉ निर्देश जैन, डॉ रामप्रताप बुंदेला एवं डॉ टीकाराम राजपूत सहित अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।
अग्निशमन विभाग द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के निरीक्षण एवं मॉक ड्रिल आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे जनपद में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.