बुंदेलखंड क्रांति दल ने प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज को दिया ज्ञापन
झांसी। आज बुंदेलखंड क्रांति दल झांसी द्वारा आज महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी में दलित कर्मचारी लक्ष्मीनारायण को श्रम न्यायालय के आदेश के बावजूद ज्वाइन न कराए जाने के विरोध में ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से तत्काल न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कर्मचारी को ज्वाइन कराने की मांग की।
बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि दलित कर्मचारी के साथ हो रहा अन्याय अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्रम न्यायालय का आदेश प्रभावी होने एवं उच्च न्यायालय से कोई स्थगन आदेश न होने के बावजूद कर्मचारी को ज्वाइन न कराया जाना प्रशासन की मनमानी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्रांति दल सामाजिक न्याय एवं संविधानसम्मत अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से उल्लेख किया गया कि लक्ष्मीनारायण को श्रम न्यायालय, झांसी से वाद में निर्णय प्राप्त हो चुका है तथा मेडिकल कॉलेज द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर किए जाने के बाद भी कोई स्थगन आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त उप श्रम आयुक्त कार्यालय, झांसी द्वारा भी कई बार मेडिकल कॉलेज प्रशासन को आदेश के अनुपालन हेतु निर्देशित किया जा चुका है।
बुंदेलखंड क्रांति दल ने चेतावनी दी कि यदि दलित कर्मचारी लक्ष्मीनारायण को शीघ्र ज्वाइन नहीं कराया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं शासन की होगी।
इस दौरान मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सिंह, नगर अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, जिला महासचिव कालीचरण श्रीवास सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.