सांसद अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर में किया करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास; कुडार नदी पर बनेगा विशाल सेतु

मऊरानीपुर, झाँसी: झाँसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा के कर-कमलों द्वारा आज मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास की नई इबारत लिखी गई। सांसद  ने क्षेत्र की क्षेत्रीय विधायिका श्रीमती रश्मि आर्य और भारतीय जनता पार्टी झाँसी ग्रामीण के जिला अध्यक्ष  प्रदीप पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अन्य माननीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।
 
विकास कार्यों की कड़ी में सबसे महत्वपूर्ण सौगात कुडार नदी पर बनने वाले सेतु के रूप में मिली है। जनपद झाँसी के भड़रा-थायपुरा मार्ग पर नाबार्ड योजना के अंतर्गत कुडार नदी सेतु, पहुँच मार्ग तथा सुरक्षात्मक कार्यों का निर्माण सुनिश्चित किया गया है। इस पूरे निर्माण कार्य की कुल लागत १३२९.५९ लाख रुपये निर्धारित की गई है। प्रस्तावित स्थल के निकट प्राचीन भद्रकाली मन्दिर और दूसरी ओर प्राचीन हनुमान मन्दिर स्थित है, जहाँ मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले और झाँसी जनपद के हजारों श्रद्धालुओं का निरंतर आवागमन रहता है। वर्तमान में यहाँ दीर्घ सेतु न होने के कारण स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर वर्षा ऋतु में यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है जिससे लोगों को लंबी दूरी तय कर गंतव्य तक पहुँचना पड़ता है। इस पुल के बन जाने से धायपुरा, भड़रा, बरुअमुआफ, सितौरा, रोरा भटपुरा आदि गाँवों की एक लाख से अधिक की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा।
 
इसके साथ ही आवागमन को और अधिक सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा ४.९१ करोड़ की लागत से ५.३ किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। यह सड़क अटान खिरक से धायपुरा होते हुए वरुआमाफ तक बनाई जाएगी। इसी क्रम में सांसद अनुराग शर्मा ने जल संस्थान कार्यालय मऊरानीपुर में भारत सरकार के अमृत २.० कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर पेयजल पुनर्गठन योजना का भी भूमि पूजन किया। इस योजना के पूर्ण होने से नगर की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा और नागरिकों को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सकेगा।
 
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद श्री अनुराग शर्मा ने कहा कि उनका सदैव यह मानना रहा है कि विधानसभा के प्रत्येक गांव में विकास कार्य प्राथमिकता पर होने चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक गाँव को सुदृढ़ सड़क मार्ग से जोड़कर मुख्यालय तक पहुँचाना है। आज जब सड़कें पक्की हो रही हैं, तो प्रत्येक व्यक्ति को सुगमता हो रही है और बच्चों के लिए स्कूल जाने की राह आसान हुई है। उन्होंने आगे कहा कि यदि हम विकसित भारत के संकल्प को साकार करना चाहते हैं, तो बुनियादी ढांचों को मजबूत करना अनिवार्य है। विकसित बुंदेलखंड के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाने के लिए वह सदैव तत्पर हैं और विकास का यह अभियान भविष्य में भी इसी गति के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.