दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, फिर शव जलाकर मिटाए सबूत; आरोपी गिरफ्तार
बंगरा झांसी- थाना उल्दन क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव जलाए जाने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में महिला के साथ दुष्कर्म करने, विरोध करने पर गला दबाकर हत्या करने तथा पहचान छिपाने के लिए शव को आग लगाने की बात स्वीकार की है। जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को ग्राम पठाकरका के पास नाले किनारे एक अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची थाना उल्दन पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान बंगराधवा निवासी 49 वर्षीय लाड़कुंवर उर्फ लवली कुशवाहा के रूप में हुई। मृतका के बेटे अखिलेश कुशवाहा की तहरीर पर थाना उल्दन में मुकदमा संख्या 57/2026 दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी प्रमोद कुशवाहा पुत्र दुर्गाप्रसाद कुशवाहा उम्र करीब 45 वर्ष निवासी बंगराधवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला को सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान मिटाने और साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से शव को आग लगा दी। सूत्रों की मानें तो आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था बताया जा रहा है कि आरोपी मृतका को करीब दो लाख रुपये दे चुका था, जबकि मृतका द्वारा उससे 50 हजार रुपये की और मांग की जा रही थी। इसी विवाद को भी घटना की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद ITEL कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन तथा बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UP 93 BL 1202 बरामद की है। गिरफ्तारी सिजारा तिराहे के पास जंगल मोड़ से की गई। घटना के सफल खुलासे में अतिरिक्त निरीक्षक जयप्रकाश, कांस्टेबल अखिलेश कुमार यादव, शुभम कुमार तथा दीपचंद मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 103(1) और 238(a) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
धीरेन्द्र सोनी संवाददाता

No Previous Comments found.