महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे का झाँसी मंडल दौरा : झाँसी परिक्षेत्र एवं वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन का व्यापक निरीक्षण

झांसी। आज महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे  नरेश पाल सिंह ने मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की उपस्थिति में वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन, झाँसी यार्ड एवं मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेल परिसरों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, परिचालन व्यवस्थाओं एवं भविष्य की विकास योजनाओं का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
 
महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम झाँसी यार्ड का निरीक्षण किया तथा सीपरी पुल के समीप प्रस्तावित नई वाशिंग पिट साइट का अवलोकन कर भविष्य की विकास योजनाओं एवं आधारभूत संरचना विस्तार कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा रखरखाव सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया।
 
इसके उपरांत उन्होंने वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन का औचक निरीक्षण करते हुए प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालय एवं शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने हेतु सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर बल दिया।
 
तदोपरांत महाप्रबंधक ने मंडलीय रेलवे चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड, आईसीयू, औषधि भंडार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन करते हुए मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने पर बल देते हुए शल्य चिकित्सा कक्ष को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक मशीनों से सुसज्जित किए जाने के निर्देश प्रदान किए।
 
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महाप्रबंधक ने प्रस्तावित हॉलिडे होम एवं होल्डिंग एरिया के साइट प्लान का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने एसी लोको शेड का निरीक्षण करते हुए आधारभूत संरचना कार्यों में तेजी लाने, रखरखाव व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अनुपयोगी (कंडम) लोको को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए।
 
वैगन मरम्मत कारखाना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली, सुरक्षा मानकों एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन कर इसे आम नागरिकों के लिए खोले जाने के निर्देश भी प्रदान किए।
 
 
महाप्रबंधक  नरेश पाल सिंह द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में स्थित नवीन कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संचालन व्यवस्थाओं, मॉनिटरिंग सिस्टम एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने आधुनिक तकनीक आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
 
इसके पश्चात महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में बैठक कर मंडल में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, संरक्षा तथा परिचालन दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया तथा रेल परिसरों में निरंतर सुधार एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष बल दिया।
 
उन्होंने मंडल कार्यालय में सभी यूनियन और एसोसिएशन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कर्मचारी कल्याण, कार्य परिस्थितियों एवं संगठनात्मक समन्वय से जुड़े विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की।
 
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक  द्वारा एसी लोको शेड को 1 लाख रुपए, वैगन मरम्मत कारखाना को 50 हजार रुपए एवं कंट्रोल रूम को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन धनराशि की घोषणा की गई। 
 
निरीक्षण के  दौरान महाप्रबंधक महोदय के सचिव अखिल शुक्ल तथा मंडल के सभी सम्बंधित अधिकारी और मरम्मत कारखाना के अधिकारी उपस्थित रहे I

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.