बिजली विभाग की मनमानी से त्रस्त हुई जनता, भीषण गर्मी में अघोषित कटौती से उबल रहे उपभोक्ता
सकरार झांसी: भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली विभाग की मनमानी से आम जनता का बुरा हाल है। दिन-रात हो रही अघोषित कटौती से उपभोक्ता उबल रहे हैं।
कस्बा सकरार के लोगों का आरोप है कि शेड्यूल के नाम पर दिन में 10 से 12 घंटे की कटौती की जा रही है। रात में भी बार-बार ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट के नाम पर घंटों बिजली गुल रहती है। भीषण गर्मी में बिजली न आने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
इन्वर्टर भी दे रहे जवाब
लगातार कटौती के चलते घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं। पानी की मोटर न चलने से पेयजल संकट भी गहरा गया है । बिजली का निर्धारित समय न होने से कस्बा सकरार में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित है लोग पानी के लिए परेशान हो रहे है । व्यापारी वर्ग का कहना है कि बिजली न आने से उनका कारोबार चौपट हो रहा है।
व्हाट्सअप ग्रुप बने सफेद हाथी
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा बनाए गए व्हाट्सअप ग्रुप पर भी बिजली संबंधी कोई जानकारी नहीं दी जाती है और न ही बिजली रोस्टर के बारे में बताया जाता है उपभोक्ताओं के बार बार मेसेज डालने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों का कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिलता है।
कस्बा के ग्रामीणों ने बताया कि पूरी रात बिजली आंख-मिचौली करती रही। सुबह 4 बजे लाइट आई और 6 बजे फिर चली गई। वहीं महिलाओं ने कहा कि गर्मी से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, रातभर हाथ का पंखा झलना पड़ता है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे बिजली घर का घेराव करेंगे। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड के चलते ट्रिपिंग हो रही है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।
रिपोर्ट अंकित साहू

No Previous Comments found.