ग्राम पंचायत पठाकरका की गौशाला बनेगी मॉडल गौशाला, एसडीएम श्वेता साहू ने दिए जरूरी निर्देश
""मॉडल गौशाला बनाने की तैयारी,,,
बंगरा/झांसी - झांसी जनपद के बंगरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत पठाकरका स्थित गौशाला का निरीक्षण करने पहुंचीं मऊरानीपुर की उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए इसे जल्द मॉडल गौशाला के रूप में विकसित किए जाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद संसाधनों, पशुओं की देखभाल,भूसा, हरे चारे, गोबर गैस प्लांट और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत पठाकरका की गौशाला में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जिसका सही उपयोग करते हुए नेपियर घास एवं अन्य हरे चारे की खेती कराई जाए, ताकि गौवंश को पर्याप्त पोषण मिल सके। उन्होंने कहा कि गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी बंगरा राजेश कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में तेज हीट वेव के कारण टीनशेड के नीचे बैठने वाले पशुओं को अत्यधिक गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बचाव के लिए टीनशेड के ऊपर मिट्टी और घास डलवाई जा रही है, जिससे गर्मी कम हो सके और गौवंश को राहत मिले एसडीएम श्वेता साहू ने गौशाला की सराहना करते हुए कहा कि यहां पहले से गोबर गैस प्लांट स्थापित है, जिसका बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए। साथ ही गोबर से जैविक खाद तैयार करने और गौमूत्र के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि गौशाला में कई अच्छी सुविधाएं देखने को मिली हैं और यहां सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बरसात के मौसम में अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने के निर्देश दिए, ताकि गौशाला में प्राकृतिक छाया का प्रबंध हो सके और वातावरण भी स्वच्छ एवं सुंदर बने। उन्होंने ग्राम प्रधान डॉक्टर जगदीश प्रसाद कुशवाहा की सराहना करते हुए कहा कि गौसंरक्षण के क्षेत्र में अच्छा कार्य किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी बंगरा राजेश कुमार ने ग्राम पंचायत सचिव नवजीत कटियार को भी गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां सौंपीं और निर्देश दिए कि गौशाला में बेहतर से बेहतर कार्य कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत पड़े, तत्काल उन्हें सूचना दी जाए ताकि प्रशासनिक स्तर से भी हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि गौशाला को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आदर्श बनाने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है और सामूहिक मेहनत से इसे और बेहतर बनाया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि गौशाला में बने खाद के गड्ढों में नियमित रूप से गोबर डालने का कार्य शुरू किया जाए, जिससे शीघ्र जैविक खाद तैयार हो सके और उसका उपयोग कृषि कार्यों में किया जा सके। उन्होंने भी ग्राम प्रधान की सराहना करते हुए गौशाला के विकास कार्यों को बेहतर बताया। इस मौके पर पीडी साहब/बीडीओ बंगरा राजेश कुमार, एसडीएम मऊरानीपुर श्वेता साहू, ग्राम पंचायत सचिव नवजीत कटियार, एडीओ आईएसबी मनोज चतुर्वेदी, ग्राम प्रधान डॉक्टर जगदीश प्रसाद कुशवाहा, पंचायत सहायक राजा लिटोरिया, गौसेवक धीरज सिंह सहित ग्रामीण उमेश विश्वकर्मा, गुड्डू कुशवाहा, रामगोपाल कुशवाहा,एवं अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
धीरेन्द्र सोनी [संवाददाता]

No Previous Comments found.