बकरीद पर्व को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न, शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील

सकरार झांसी: आगामी पर्व बकरीद को लेकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सकरार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी पप्पू सिंह ने स्थानीय ग्रामीण नागरिकों एवं धर्मगुरुओं के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने को लेकर चर्चा की। उन्होंने सभी नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिलजुलकर शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाएं तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
इसके साथ ही माह का चौथा शनिवार होने के कारण थाना परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन भी किया गया। इस दौरान क्षेत्र से आए फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। समाधान दिवस में कुल तीन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जो सभी राजस्व संबंधी थे। संबंधित लेखपालों एवं बीट प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों को गांवों में शुद्ध पेयजल व्यवस्था बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा चौराहों एवं तिराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की नियमित देखरेख करने के निर्देश दिए गए। जिन स्थानों पर अभी तक कैमरे नहीं लगाए गए हैं, वहां शीघ्र कैमरे लगाने की बात भी कही गई।
बैठक में शामिल बिजली विभाग के कर्मचारियों से निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया। साथ ही उपस्थित लोगों से आग्रह किया गया कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने का प्रयास करें तथा पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराकर जान बचाई जा सके।
इस दौरान बैठक में प्रेम नारायण मिश्रा, धर्म प्रकाश चौरसिया, घनश्याम राजपूत, पर्वत सिंह, जय सिंह सिसोदिया, सत्य प्रकाश मिश्रा, राकेश सेन, साकेत सेन, कोमल सिंह, परशुराम कुशवाहा, बृजेंद्र चौबे, हरिओम लेखपाल, चाँद खां, मुस्ताक खान, भागीरथ, देवेंद्र, नाथूराम, मनोहर, शहजाद खान, इमरान खान, वाहिद खान, अब्दुल जमील, हरिदास, बृजकिशोर श्रीवास एवं आरती यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.