बकरीद पर्व को लेकर एसएसपी द्वारा राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित
झांसी: आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी, बीबीजीटीएस मूर्ति द्वारा पुलिस कार्यालय झाँसी से गूगल मीट के माध्यम से आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व के दृष्टिगत जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा त्योहार को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहकर संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करें तथा स्थानीय धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर विशेष निगरानी रखने, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा किसी भी अफवाह का तत्काल प्रभाव से खंडन करने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख चौराहों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सघन चेकिंग, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकों का आयोजन कर आमजन के साथ सतत संवाद बनाए रखने एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित प्रत्येक बिंदु पर सतर्क एवं सजग रहने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान पुलिस कार्यालय झाँसी में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक साइबर भी उपस्थित रहे तथा बैठक में दिए गए निर्देशों के प्रभावी अनुपालन हेतु आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद झाँसी में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी अधिकारीगण पूर्ण जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट अंकित साहू


No Previous Comments found.