बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा मे 4928 अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल

झांसी: अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में बी0एड0 पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 प्रवेश हेतु संयुक्त प्रवेश परीक्षा दिनांक 31मई 2026 को नगर के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में पूर्वान्ह 09:00 से 12:00 तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 02.00बजे से 05.00 बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा से संबंधित तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई।
बैठक में नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थी को किसी भी दशा में प्रवेश पत्र, उसकी एक फोटोयुक्त प्रति तथा वैध फोटो के बिना प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कक्ष निरीक्षक, अभ्यर्थी से प्रवेश पत्र की एक फोटोयुक्त प्रति प्रथम पाली में (जिसमें अभ्यर्थी वही फोटो लगायेगा जो कि उसने आनलाइन आवेदन पत्र में अपलोड की है) अनिवार्य रूप से जमा करायेंगे।
नोडल अधिकारी ने उपस्थित प्रत्येक कक्ष निरीक्षकों को यह निर्देशित किया कि परीक्षा कक्ष में वह उदघोषणा करें कि परीक्षा में पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था यथावत् रहेगी। प्रत्येक प्रश्न के 2 अंक हैं। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक प्रदान किए जायेंगे एवं प्रत्येक गलत उत्तर पर कुल अंक 2 का 1/3 भाग काट लिया जायेगा। अनुत्तरित प्रश्न पर कोई अंक प्रदान नहीं किया जायेगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमैट्रिक, परीक्षा के दौरान सुनिश्चित की जायेगी। परीक्षा के दौरान नकल किसी भी दशा में बर्दास्त नही होगी। बी0एड0परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी दशा में शामिल नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए कक्ष निरीक्षक एडमिशन कार्ड की गंभीरता से जांच करें। नगर में बी0एड0 पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 संयुक्त प्रवेश परीक्षा 12 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी। अपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों का सत्यापन करना सुनिश्चित करें,साथ ही यह अवश्य देख लें कि परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा वॉइस रिकॉर्डर के साथ, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, एंड्राइड फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गजट परीक्षा केंद्र के अंदर पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा। नकल विहीन और स्वच्छता पूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की तलाशी सावधानीपूर्वक ली जाए, उन्होंने विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिका द्वारा ही लिए जाने के निर्देश दिए। समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। दिनांक 31मई 2026 को बी0एड0 प्रवेश परीक्षा के संबंध में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव  प्रताप शुक्ल ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की दूरी के अंदर धरना प्रदर्शन, जुलूस, जनसभा नहीं होगी और न ही लाउडस्पीकर का प्रयोग बिना अनुमति किया जाएगा, इसके साथ ही साथ फोटो स्टेट मशीन परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की दूरी पर बंद रखी जाएंगी इसे कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा के मद्देनजर जनपद झांसी में द0प्र0स0 की धारा-163 प्रभावी रहेगी, सभी अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट का यह दायित्व होगा कि धारा-163 द0प्र0स0 का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। परीक्षा के दौरान सभी 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 06 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहेंगे ताकि परीक्षा पूर्ण शांति और शुचिता के साथ संपन्न हो। बैठक में बीएड पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 संयुक्त प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी ने बताया कि लिखित प्रवेश परीक्षा नगर में 12 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों संपन्न होगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 09:00 से 12:00 तक सम्पन्न होगी, द्वितीय पाली अपरान्ह 02:00 से 05:00 तक संपन्न होगी, प्रथम पाली में परीक्षा केंद्रों पर 4928 परीक्षार्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे, इसके साथ ही द्वितीय पाली में भी 4928 परीक्षार्थी लिखित परीक्षा में सम्मिलित होंगे।उन्होंने बताया कि बीएड पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 संयुक्त प्रवेश परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस मौके पर एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज सतीश कुमार, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय प्रोफेसर सहित स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य/केंद्र व्यवस्थापक आदि  उपस्थित रहे।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.