जीएसटी असेसमेंट विषयक पर कार्यशाला का आयोजन हुआ, जीएसटी असेसमेंट, अपील एवं जीएसटीएटी अपील विषयक कार्यशाला का सफल आयोजन
झांसी। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की झांसी शाखा द्वारा आज जीएसटी असेसमेंट, अपील एवं जीएसटीएटी विषयक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष सीए सीएमए जयंत मणि जैन ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन, दीप प्रज्वलन एवं आईसीएआई के मोट्टो सॉन्ग के साथ हुआ। कार्यशाला में कानपुर से पधारे प्रख्यात जीएसटी विशेषज्ञ सीए धर्मेंद्र श्रीवास्तव एवं सीए प्रांजल मिश्रा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। स्वागत उद्बोधन में शाखा अध्यक्ष सीएसीएमए जयंतमणि जैन ने कहा कि जीएसटी कानून में नियमों, विनियमों तथा न्यायिक निर्णयों में निरंतर परिवर्तन होते रहते हैं, इसलिए प्रैक्टिस कर रहे चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए सतत अध्ययन एवं अद्यतन ज्ञान अत्यंत आवश्यक है, जिससे व्यापारियों को बेहतर एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान कर सकें। अपने व्याख्यान में सीए धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने जीएसटी असेसमेंट एवं अपील की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जीएसटी अधिकारियों के समक्ष करदाताओं के मामलों को प्रस्तुत करते समय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को अत्यंत सतर्क, तथ्यपरक एवं विधिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। दूसरे सत्र में सीए प्रांजल मिश्रा ने जीएसटीएटी अपीलों से संबंधित व्यावहारिक पहलुओं, तकनीकी बिंदुओं तथा अपील दाखिल करते समय करदाताओं द्वारा की जाने वाली सामान्य त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि यदि जीएसटीएटी में मामला करदाता के पक्ष में नहीं जाता है और आगे उच्च न्यायालय में अपील की जाती है, तो वर्तमान प्रावधानों के अनुसार विभाग द्वारा निर्धारित मांग राशि का सौ प्रतिशत जमा करना आवश्यक हो सकता है। कार्यक्रम का कुशल संचालन शाखा सचिव सीए निमेष खन्ना ने किया। इस अवसर पर शाखा के उपाध्यक्ष सीए गौरव अग्रवाल, सिकासा चेयरपर्सन सीए श्वेता अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष सीए प्रदीप बिस्वारी सहित शाखा की प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीए समुदाय के वरिष्ठ सदस्यों में सीए जेपी अग्रवाल, सीए रमन गुप्ता, सीए कपिल खन्ना, सीए आनंद सक्सेना, सीए आरएस व्यास, सीए गौरव गुप्ता, सीए हर्ष अग्रवाल, सीए रूपाली जैन, सीए निरपेन्द्र शर्मा, सीए धर्मेंद्र मंगल, सीए आनंद बुधरानी, सीए अंकित अग्रवाल, सीए रचित अग्रवाल, सीए शिवा लिखधारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ललितपुर से सीए संजीव जैन, सीए रचना जैन एवं सीए विकास ओसवाल तथा उरई एवं राठ से सीए दीपक गुप्ता एवं सीए विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में शाखा कोषाध्यक्ष सीए प्रदीप बिस्वारी ने सभी वक्ताओं, अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का सफल समापन हुआ।
No Previous Comments found.