भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मुख्य लक्ष्य अंत्योदय है : कुं अविनाश सिंह चौहान

गुरसरांय। डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अन्तर्गत भारतीय जनता पार्टी झांसी जिला का कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप मे बिधान परिषद के सदस्य अविनाश सिंह चौहान विशिष्ठ अतिथि के रूप मे किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष झांसी प्रदीप सरावगी, एम एल सी रमा निरंजन, गरौठा बिधायक जवाहरलाल राजपूत रहे कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की।कार्यक्रम के शुभारंभ में अतिथियों द्वारा पं दीनदयाल उपाध्याय, डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शुभारंभ किया।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी देश को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन "संकल्प से सिद्धि" की प्रेरणा देता है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए उन्होंने अपने जीवन का बलिदान दिया और हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
प्रदीप पटेल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का मानना था कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और राष्ट्र के प्रति समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनके आदर्शों पर चलते हुए भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी ने  कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के मन में राष्ट्रभक्ति का भाव कूट-कूट कर भरा था। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित कर दिया। श्री तिवारी ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और डॉ. मुखर्जी हमेशा इस बात पर विचार करते थे कि किसानों की उन्नति के माध्यम से देश को कैसे आगे बढ़ाया जाए। उनका मानना था कि किसान मजबूत होगा तो देश भी मजबूत होगा। उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। तिवारी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य झांसी महानगर के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सरावगी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक एकता का प्रबल समर्थक बताते हुए कहा कि उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की हिंदू विरोधी नीतियों और विचारधारा का विरोध करते हुए भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का उद्देश्य देश में राष्ट्रवादी विचारों को मजबूत करना और भारतीय संस्कृति तथा अखंडता की रक्षा करना था।
प्रदीप सरावगी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने पूरे जीवन को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान का विरोध करते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया। उनके विचार और बलिदान आज भी देश के करोड़ों लोगों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते है। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद कुंवर अविनाश सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का देश के लिए महत्वपूर्ण और अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया तथा उनके विचार आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मुख्य लक्ष्य अंत्योदय है, अर्थात समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना। भाजपा हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्र पहले है और पार्टी बाद में। यही विचारधारा पार्टी को अन्य दलों से अलग बनाती है।
कुंवर अविनाश सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जनादेश प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री ने "सबका साथ, सबका विकास" का नारा देकर देश के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया और आज सरकार उसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक संवेदनशील और जनसेवा के लिए समर्पित पार्टी है। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जरूरतमंदों की सहायता की और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर एक देश, एक संविधान और एक निशान के संकल्प को पूरा किया गया। यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर  क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत, महिला आयोग की सदस्य अनुपमा लोधी, पूर्व आई ए एस विजय निरंजन, भाजपा नेता राम जी परिहार, जिला महामंत्री डा अनिल राज, बद्री त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष सहजेन्द्र सिंह बघेल, गुड्डी रानी पटेल , वीरेन्द्र नायक, नेहिल सिंघई, हाकिम सिंह चौहान, चंचल कंठरिया, यशोदा कुशवाहा, प्रगति आर्य, यज्ञेश यादव, दीपक त्रिपाठी, चन्द्रभान सिंह अहिरवार, टीकाराम पटेल, हरगोविंद निरंजन, आशीष खरे, सुरेन्द्र मोहन पाठक, पुष्पेंद्र दुबे,सत्य प्रकाश तिवारी, आशीष उपाध्याय, मुकेश पटेल, रिंकू दीक्षित,आयुष श्रीवास, शत्रुघ्न सिंह परिहार, आत्माराम फौजी,नृपेन्द सिंह चौहान,नगर  पालिका अध्यक्ष देवेंद्र कंसाना, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र कुशवाहा, आदि उपस्थित रहे। संचालन सतेंद्र खरे ने किया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.