जमीन बेचने के बाद कब्जा न देने का आरोप, क्रेता अधिवक्ता को दी जान से मारने की धमकी
झांसी: एक युवक द्वारा जमीन बेचे जाने के बाद क्रेता को कब्जा न देने तथा विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। क्रेता का आरोप है कि युवक द्वारा जमीन बेचे जाने के बाद जब उसने खरीदी हुई जमीन पर अपना कब्जा करने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण किया, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बाउंड्री वॉल तोड़ दी। इस मामले को लेकर आज पेशे से अधिवक्ता नरेंद्र भूषण द्विवेदी पुत्र राम प्रकाश द्विवेदी ने अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में अवगत कराया कि उन्होंने नयागांव लहरगिर्द व हाल निवासी उन्नाव गेट कौशल किशोर कुशवाहा से लगभग 13 हजार स्क्वायर फीट जमीन खरीदी थी। इस जमीन को खरीदने के बाद जब वह अपनी जमीन पर कब्जा करने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कर रहे थे, तभी विपक्षी द्वारा उन्हें कब्जा करने से रोका गया तथा उनकी बनाई हुई बाउंड्री बाल को भी तोड़ दिया गया। नरेंद्र का आरोप है कि विपक्षी द्वारा जमीन पर दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने सिविल जज सीनियर डिवीजन में भी मुकदमा कर रखा है, जो अभी विचाराधीन है। नरेंद्र के अनुसार आज जब वह कचहरी में तारीखों पर गए हुए थे, तभी रास्ते में विपक्षी मिला तथा मुकदमा निपटाने के लिए दबाव बनाने लगा। जब उन्होंने मना किया, तो विपक्षी ने गाली गलौज करते हुए जमीन को धीरे-धीरे बेच देने की बात की और जान से मारने की धमकी दी। नरेंद्र का यह भी आरोप है कि विपक्षी द्वारा अब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जबकि उन्होंने बकायदा विपक्षी से रजिस्ट्री कराई है। यह भी आरोप लगाया गया है कि विपक्षी पर नगर निगम द्वारा सरकारी जमीन कब्जाने का भी मुकदमा दायर किया गया था। नरेंद्र ने इस मामले में अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जमीन वापस दिलाए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.