पीड़िता आशा सोनकर ने अधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार, कहा- जेल से छूटे दबंग ने दी फर्जी केस में फंसाने की धमकी
झांसी: सदर बाजार क्षेत्र में एक दबंग युवक द्वारा एक महिला की दुकान पर पुलिस के साथ मिलकर कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने आज अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कब्जा वापस दिलाए जाने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की गुहार की है। यह पूरा मामला सदर बाजार क्षेत्र का है। खुशीपुरा निवासी आशा सोनकर पत्नी स्वर्गीय किशोर सोनकर ने अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह डॉक्टर बेला मार्ग पर फास्ट फूड की दुकान लगाती है। पिछले कई दिनों से उसकी दुकान पर सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाला एक दबंग आकर दुकान खाली करने के लिए दवाब बना रहा है। आशा के अनुसार आरोपी हाल ही में जेल से छूटा है। आशा ने आरोप लगाया कि गत दिवस विपक्षी कुछ पुलिस कर्मियों के साथ उसकी दुकान पर आया और दुकान छोड़कर जाने की धमकी दी। उसके मना करने पर उसे फर्जी मुकदमे में जेल भेज देने की भी धमकी दी गई। आशा का यह भी आरोप है कि पहले भी उक्त दबंग के इशारे पर उसके खिलाफ दो बार फर्जी कार्रवाई की जा चुकी है। इस मामले को लेकर उसने पुलिस अधिकारियों से दुकान से कब्जा हटाने तथा न्याय दिए जाने की गुहार की है।
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.