सीए वीक के अंतिम दिन डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट एवं आयकर असेसमेंट-अपील पर कार्यशाला आयोजित
झांसी, 7 जुलाई। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की झांसी शाखा द्वारा मनाए जा रहे सीए वीक के अंतिम दिन डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट एवं इनकम टैक्स असेसमेंट, अपील एवं आयकर अपीलीय अधिकरण (ITAT) की व्यावहारिक कार्यवाही विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं ICAI के मोटो सॉन्ग के साथ हुआ। शाखा अध्यक्ष सीए जयंत मणि जैन ने स्वागत उद्बोधन में सीए वीक के दौरान आयोजित विभिन्न सफल कार्यक्रमों, जिनमें रक्तदान शिविर (लगभग 30 यूनिट रक्त संग्रह), साक्षरता किट वितरण, वॉकाथॉन, फैमिली पिकनिक एवं क्रिकेट मैच शामिल रहे, की जानकारी देते हुए सभी सदस्यों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं सीए साक्षी जैन एवं सीए दीपेंद्र मोहन (आगरा) का स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रथम तकनीकी सत्र के चेयरमैन सीए गौरव गुप्ता तथा द्वितीय तकनीकी सत्र के चेयरमैन वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए जे.पी. अग्रवाल रहे।
प्रथम तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए सीए साक्षी जैन ने डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति के व्यक्तिगत डेटा का सुरक्षित एवं विधिसम्मत उपयोग सुनिश्चित करना प्रत्येक संस्था एवं पेशेवर की जिम्मेदारी है। अधिनियम के उल्लंघन की स्थिति में 50 लाख रुपये से लेकर 250 करोड़ रुपये तक की भारी वित्तीय दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने विशेष रूप से चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को अपने क्लाइंट्स के संवेदनशील डेटा के सुरक्षित संग्रहण, उपयोग एवं संरक्षण के संबंध में आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया।
द्वितीय तकनीकी सत्र में सीए दीपेंद्र मोहन (आगरा) ने इनकम टैक्स असेसमेंट, प्रथम अपील एवं आयकर अपीलीय अधिकरण (ITAT) में अपीलों के व्यावहारिक एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न वास्तविक मामलों एवं न्यायिक दृष्टांतों के माध्यम से प्रभावी अपील की तैयारी, प्रस्तुतीकरण एवं रणनीति पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में सीए श्वेता अग्रवाल, सीए गौरव अग्रवाल, सीए रचित अग्रवाल, सीए शिवा लिखधारी, सीए सागर अत्री, सीए अंचित अग्रवाल, सीए निरपेन्द्र मिश्रा, सी ए शिवम अग्रवाल, सीए मनोज बादल, सीए अमित अग्रवाल, सीए राजीव अग्रवाल, सीए अजय मोदी, सीए चेतन खियानी, सीए सुमित लिखाधारी सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफ़ल संचालन सीए प्रदीप विश्वारी ने किया, जबकि सचिव सीए निमेश खन्ना ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
No Previous Comments found.