शादी कराने के नाम पर लाखों की साइबर ठगी, पकड़े गए आरोपियों में युवतियां भी शामिल

झांसी। आज  झांसी पुलिस ने शादी कराने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना और नवाबाद थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महिलाओं समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये नकद, जेवरात, मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही 7 बैंक खातों में जमा लगभग 41 लाख रुपये की धनराशि को फ्रीज कराया गया है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना और नवाबाद थाना पुलिस ने जेल चौराहा स्थित राय कॉलोनी में सुनील राय के मकान में संचालित "शादी संस्था डॉट कॉम" नामक कॉल सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 9 एंड्रॉयड मोबाइल, 17 कीपैड मोबाइल, कई सीपीयू, कंप्यूटर, मोहरें, दस्तावेज और शादी से संबंधित रिकॉर्ड बरामद किए।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह भोले-भाले लोगों को शादी कराने का झांसा देकर फोन करता था और विभिन्न शुल्क के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलता था। जांच में यह भी पता चला कि कॉल सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों को 6 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता था।
 
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि पूरे गिरोह का संचालन हलदार साहू और आकांक्षा श्रीवास्तव के निर्देश पर किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में छत्तीसगढ़ और झांसी के विभिन्न क्षेत्रों के महिला-पुरुष शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में साइबर ठगी के नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.