आरपीएफ कांस्टेबल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यात्री की जान बची
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता एवं तत्परता से एक यात्री की जान बच गई। दिनांक 08.07.2026 को रात्रि में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ के कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए चलती ट्रेन से गिर रहे एक यात्री को सुरक्षित बचा लिया।
घटना रात्रि लगभग 11:19 बजे की है। गाड़ी संख्या 22182 प्लेटफॉर्म संख्या 02 से अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर रही थी। इसी दौरान एक यात्री चलती ट्रेन के स्लीपर कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया। मौके पर प्लेटफॉर्म संख्या 02 एवं 03 पर यात्री सुरक्षा एवं ट्रेन पासिंग ड्यूटी में तैनात आरपीएफ कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने बिना समय गंवाए तत्काल यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बचाए गए यात्री की पहचान रमेश जैन (42 वर्ष), निवासी ग्राम सुरखी, जिला सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। उसने बताया कि उसका बैग स्लीपर कोच S-2 में रह गया था तथा उसका सामान्य श्रेणी का टिकट भी उसी बैग में था। इसी कारण वह चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था।
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी-सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के लिए निरंतर सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।
No Previous Comments found.