हर घर में नल से जल की सप्लाई पाकर भावुक हुए ग्रामीण, बोलें- हमने कभी ऐसा नहीं सोचा था
झांसी: राज्य सरकार जल जीवन मिशन योजनाओं को पूरा कर उसे ग्राम पंचायत को सौंपने और ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए मिशन मोड में जुट गई है। इसी के तहत जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को झांसी के चिरगांव विकास खण्ड के बरल गांव में जल अर्पण कार्यक्रम कर ग्राम पंचायत को नल से जल पहुंचाने वाली इस योजना की कमान सौंपी। साथ ही मोंठ ब्लॉक के भुजौद गांव में जल चौपाल का आयोजन कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। बरल गांव में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अगर हम आज जल बचाएंगे, तभी हमारी आने वाली पीढ़ियों का कल संवरेगा।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार घरों तक नल से जल की सप्लाई के साथ-साथ परिवारों को फ्री में राशन, घर तक बिजली, पक्की सड़क, किसान सम्मान निधि और बच्चों को पोषण आहार की सुविधा मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नल से जल आप लोगों के घरों तक पहुंचा दिया है। अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप पानी का इस्तेमाल भी करें और संरक्षण भी करें। जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी इसी तरह घर तक पानी की सप्लाई मिलती रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव और जिलाधिकारी गौरांग राठी समेत बड़ी संख्या में राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद थे। बरल गांव में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भारी बारिश के बीच जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत पुष्पवर्षा कर किया। कार्यक्रम के दौरान भारी बारिश हो रही थी, इस दौरान ग्रामीणों के मन में असमंजस था कि मंत्री आएंगे या नहीं। मगर जल शक्ति मंत्री ने ग्रामीणों को निराश नहीं किया। जलशक्ति मंत्री, अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जिलाधिकारी गौरांग राठी समेत जल निगम के सभी अधिकारी भीगते हुए ग्रामीणों के बीच पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने जलशक्ति मंत्री के स्वागत में मोदी-योगी के नारे लगाकर गांव के हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए राज्य और केन्द्र सरकार का धन्यवाद किया।
इस मौके पर जलशक्ति मंत्री ने स्थानीय लोगों को जल शपथ दिलाकर जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने जल जीवन मिशन योजना आने से पहले के अपने अनुभवों को भी साझा किया। गांव की महिलाओं ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि पहले हमें पानी के लिए 5 से 7 किलोमीटर तक पैदल चलकर पानी लाना पड़ता था। मगर अब घर-घर नल से जल पहुंचने से बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों में सुधार हुआ है। गर्मियों के दौरान भी पानी की सप्लाई गांवों में हो रही है।
इससे पहले झांसी के एक निजी होटल में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा आयोजित भूजल संवर्धन सेमिनार में जलशक्ति मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान जलशक्ति मंत्री ने लोगों को भूजल संवर्धन की अपील की। साथ ही नदियों के पुनरोद्धार के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में बताया। इस दौरान जलशक्ति मंत्री ने जल सहेलियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षाविद डॉ0 नीति शास्त्री ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल,विधायक बबीना राजीव सिंह परीछा, सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत, अपर जिलाधिकारी नमामी गंगे योगेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम मनोज कुमार सिंह, ऐई जल निगम नितेश प्रताप सिंह सहित ग्राम प्रधान बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट अंकित साहू
No Previous Comments found.