झांसी लॉबी में संरक्षा संगोष्ठी आयोजित, सुरक्षित रेल संचालन पर दिया गया विशेष बल

झांसी: आज मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में झांसी लॉबी में संरक्षा संगोष्ठी (सेफ्टी सेमिनार) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) धर्मेश कुमार रहे। संगोष्ठी में 6 मुख्य लोको निरीक्षक, 15 लोको पायलट एवं 14 सहायक लोको पायलट सहित कुल 35 रनिंग कर्मचारियों ने भाग लिया।
संगोष्ठी के दौरान सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।  SPAD घटनाओं के उदाहरणों के माध्यम से सिग्नल अनुपालन, निर्धारित गति का पालन तथा सतर्कता आदेशों का अक्षरशः पालन करने के महत्व पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को गाड़ी में झटका (Jerk) लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यवाही, शंटिंग के दौरान किसी भी प्रकार के शॉर्टकट से बचने, लोड को स्थिर एवं अस्थिर करने की सुरक्षित प्रक्रिया, रोलिंग डाउन की रोकथाम, हॉट एक्सल की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई, आग लगने के कारण एवं बचाव के उपाय तथा मानसून के दौरान सुरक्षित रेल संचालन हेतु बरती जाने वाली विशेष सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने संरक्षा नियमों के शत-प्रतिशत अनुपालन को सुरक्षित रेल परिचालन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों को "संरक्षा पहले, संरक्षा अंत तक, संरक्षा हर समय" के मूलमंत्र के साथ संरक्षा की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि धर्मेश कुमार ने सभी रनिंग कर्मचारियों से आपसी समन्वय, सतर्कता एवं निर्धारित नियमों का पूर्ण पालन करते हुए सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
 
रिपोर्ट अंकित साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.