राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाने का अवसर, पेपर प्रेजेंटेशन से निखरते हैं सीए विद्यार्थियों के कौशल
झाँसी। चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई केवल कानूनों और लेखांकन तक सीमित नहीं है। बदलते पेशेवर परिवेश में शोध, विश्लेषण, प्रभावी संप्रेषण और मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने की क्षमता भी उतनी ही आवश्यक हो गई है। इन्हीं कौशलों को विकसित करने के उद्देश्य से आईसीएआई भवन में सीकासा झाँसी द्वारा "मास्टरिंग आईसीएआई कॉन्फ्रेंस पेपर प्रेजेंटेशन" विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सीए श्रुति गुरनानी रहीं, जिन्हें पूर्व में आईसीएआई की राष्ट्रीय पेपर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में 'बेस्ट पेपर प्रेजेंटर' सम्मान प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि आईसीएआई की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में पेपर प्रेजेंटेशन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए अपनी शोध क्षमता, तकनीकी ज्ञान और प्रस्तुतीकरण कौशल को देशभर के वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, उद्योग विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं के समक्ष प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे मंच विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर पर ही राष्ट्रीय पहचान, आत्मविश्वास और व्यावसायिक नेटवर्क प्रदान करते हैं।
उन्होंने शोध विषय के चयन से लेकर संदर्भ सामग्री के अध्ययन, डेटा विश्लेषण, प्रभावी कंटेंट तैयार करने, आकर्षक प्रस्तुतीकरण, समय प्रबंधन तथा निर्णायकों के प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ उत्तर देने की तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन के साथ लेखन और सार्वजनिक वक्तृत्व कौशल पर भी समान रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
सीकासा चेयरपर्सन सीए श्वेता अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल तकनीकी दक्षता पर्याप्त नहीं है। एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने के लिए प्रभावी संप्रेषण, शोधपरक सोच और नेतृत्व क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सीकासा झाँसी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और नेतृत्व मंचों के लिए तैयार करने हेतु निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आईसीएआई की पेपर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिताओं एवं अन्य बौद्धिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने पेपर चयन, प्रस्तुतीकरण शैली एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ द्वारा विस्तार से समाधान किया गया। कार्यक्रम में महिमा अग्रवाल, अभिषेक सेठ, अर्पित राय, अर्पित अग्रवाल, तनिष्क, अभि गुप्ता, वेद सराओगी, श्रुति, वंशिका, पलोमी, तनिष्का, मालविका, सत्य, सत्यम, प्रतीक सैनी, नितेश, सुरेश निगम, खुशी, माही, रितिका, अरिहंत सहित बड़ी संख्या में सीए विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सीकासा टीम ने विद्यार्थियों से आगामी आईसीएआई कॉन्फ्रेंस एवं पेपर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक भागीदारी कर झाँसी का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से करने का आह्वान किया।
No Previous Comments found.