देशभक्ति के रंग में रंगेगी झाँसी, आज होगा ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ एवं ‘युवनाद सम्मान’ समारोह

झाँसी, 23 जुलाई। अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती के पावन अवसर पर आज गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को सायंकाल 5:00 बजे दीनदयाल सभागार, झाँसी में भव्य श्रद्धांजलि सभा, ‘युवनाद सम्मान’ समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक समिति, ओरछा द्वारा किया जा रहा है।
 
कार्यक्रम में सर्वप्रथम अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके उपरांत बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति, लोकपरंपरा एवं वीरता की गौरवगाथा पर आधारित विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति “धन्य-धन्य बुंदेल धरा” प्रस्तुत की जाएगी, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी। इसके पश्चात समाज, साहित्य, शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को “युवनाद सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
 
आयोजन के संयोजक कवि सुमित ओरछा (सचिव, अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक समिति, ओरछा) ने बताया कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस, त्याग और स्वाभिमान की अमिट मिसाल है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना एवं सांस्कृतिक गौरव की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस आयोजन का आयोजन किया जा रहा है।
 
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर झाँसी एवं बुंदेलखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से साहित्यकार, समाजसेवी, शिक्षाविद, कलाकार, युवा एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, संस्कृति और सामाजिक समर्पण का उत्सव होगा।
 
आयोजन समिति ने सभी राष्ट्रभक्तों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, युवाओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा कार्यक्रम को सफल एवं प्रेरणादायी बनाने की अपील की।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.