देशभक्ति और बुंदेली संस्कृति के रंग में रंगा झाँसी, भव्य रूप से सम्पन्न हुआ ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ एवं ‘युवनाद सम्मान’ समारोह

झाँसी, 23 जुलाई। अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती के पावन अवसर पर अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक समिति, ओरछा के तत्वावधान में दीनदयाल सभागार, झाँसी में श्रद्धांजलि सभा, ‘युवनाद सम्मान’ समारोह एवं भव्य सांस्कृतिक संध्या का गरिमामय आयोजन सम्पन्न हुआ।
 
कार्यक्रम का शुभारंभ अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग, साहस और स्वाभिमान को नमन किया।
 
इस अवसर पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम “धन्य-धन्य बुंदेल धरा” ने उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति एवं बुंदेली संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति को दर्शकों ने भरपूर सराहा।
 
कार्यक्रम के दौरान समाज, साहित्य, शिक्षा, संस्कृति एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न व्यक्तित्वों को ‘युवनाद सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
 
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  बिहारी लाल आर्य महापौर, झाँसी ने अपने संबोधन में अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए घोषणा की कि अगले वर्ष से झाँसी नगर निगम द्वारा अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद का जन्मोत्सव भव्य एवं गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा।
 उन्होंने कहा कि आज़ाद जैसे महान क्रांतिकारियों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना समाज एवं प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
 
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त प्रचारक  मनोज विभाग प्रचारक  , पवन गौतम  (जिला पंचायत अध्यक्ष, झाँसी),  दुष्यंत चतुर्वेदी , आध्यात्मिक वक्ता  यशोदा शंकर , संजीव श्रंगीरिशी ,  सत्यप्रकाश शर्मा ,  संजय पटवारी , सुश्री राशि साहू  तथा  संजय राष्ट्रवादी  सहित अनेक गणमान्य अतिथियों एवं बड़ी संख्या में देशभक्त नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। 
 
सभी वक्ताओं ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन, उनके अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना एवं सांस्कृतिक गौरव को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
 
आयोजन के संयोजक एवं समिति के सचिव कवि सुमित ओरछा ने सभी अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, कलाकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत सफल, भव्य एवं प्रेरणादायी रहा।
 
कार्यक्रम में झाँसी एवं बुंदेलखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साहित्यकार, शिक्षाविद, समाजसेवी, कलाकार, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.