छेड़छाड़ का आरोप लगाकर पीड़िता ने न्याय की लगाई गुहार, पुलिस बोली—जांच में केवल मारपीट की पुष्टि, उसी में हुई कार्रवाई
झांसी। जनपद झांसी के थाना सकरार क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने गांव के युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच में छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई, बल्कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया, जिस पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की गई। पीड़िता नर्मदा वंशकार पत्नी दिनेश वंशकार ने बताया कि उसका मायका थाना सकरार क्षेत्र के ग्राम सकरार में है, जबकि उसकी ससुराल हरियाणा राज्य के जिला रेवाड़ी के गांव झबुआ में है। उसका कहना है कि वह पिछले करीब डेढ़-दो माह से अपने मायके में रह रही थी। उसके पति बाहर रहकर वाहन चलाने का कार्य करते हैं। पीड़िता के अनुसार, वह अपनी भाभी के साथ खेत की ओर जा रही थी। आरोप है कि गांव का रहने वाला प्रमोद उर्फ नीतू वंशकार उनका पीछा करते हुए सुनसान स्थान पर पहुंच गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी चुनरी खींची और उसे जमीन पर पटक दिया। इसी दौरान भाभी के शोर मचाने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।
महिला का कहना है कि घटना के बाद वह अपनी भाभी के साथ घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोप है कि वहां आरोपी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर थाना सकरार पहुंची तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और उसे टाल दिया गया। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) झांसी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसे अपेक्षित न्याय नहीं मिला।
""पुलिस का पक्ष""- इस संबंध में थाना सकरार में तैनात उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान मामला रास्ते से निकलने को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट का पाया गया। पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच में मारपीट की पुष्टि होने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रमोद उर्फ नीतू वंशकार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170, 126 एवं 135 के अंतर्गत तत्काल कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। फिलहाल पीड़िता छेड़छाड़ के आरोपों पर अलग से कार्रवाई और न्याय की मांग कर रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आए, उसी आधार पर विधिक कार्रवाई की गई है।
धीरेन्द्र सोनी संवाददाता
No Previous Comments found.